देवास शराब कांड पर बीजेपी का कांग्रेस पर हमला : BJP प्रवक्ता बोले - जांच में सामने आ सकते हैं कई और चेहरे

Dewas Poisonous Liquor Case : BJP प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने दावा किया कि शराब और केमिकल के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के तार कांग्रेस के राजनीतिक आयोजनों तक जुड़े हुए हैं। शराब माफियाओं से नेताओं के क्या संबंध हैं।

देवास शराब कांड पर बीजेपी का कांग्रेस पर हमला : BJP प्रवक्ता बोले - जांच में सामने आ सकते हैं कई और चेहरे

Dewas Poisonous Liquor Case : मध्य प्रदेश। देवास के जहरीली शराब कांड ने मध्यप्रदेश की सियासत में नया विवाद खड़ा कर दिया है। बीजेपी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और पार्टी के अन्य नेताओं पर शराब माफियाओं को संरक्षण देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने दावा किया कि शराब और केमिकल के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के तार कांग्रेस के राजनीतिक आयोजनों तक जुड़े हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से सवाल किया कि पार्टी के बड़े आयोजनों और रैलियों में इस्तेमाल होने वाला पैसा कहां से आता है और शराब माफियाओं से नेताओं के क्या संबंध हैं।

दरअसल, बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव देवास जहरीली शराब कांड और इस मामले में कार्रवाई के दौरान शहीद हुए थाना प्रभारी दिलीप पुरी की मौत को लेकर मीडिया से चर्चा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और उनके करीबी नेताओं पर शराब माफियाओं को राजनीतिक संरक्षण देने के आरोप लगाए। 

बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता यादव ने दावा किया कि इस नेटवर्क के तार हरदा से देवास और भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय तक जुड़े हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस के बड़े राजनीतिक कार्यक्रमों और रैलियों में अवैध शराब और केमिकल कारोबार से जुड़े लोगों की भूमिका होने का आरोप भी लगाया। वही देवास शराब कांड में कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे अमन कासलीवाल की गिरफ्तारी के बाद यह विवाद और गहरा गया है। 

पुलिस के मुताबिक, अमन पर जहरीली शराब बनाने के मुख्य आरोपी को केमिकल सप्लाई करने का आरोप है। हालांकि, कासलीवाल परिवार इसे वैध व्यावसायिक बिक्री बताते हुए आरोपों को खारिज कर चुका है। बीजेपी प्रवक्ता यादव ने यह भी दावा किया कि इस नेटवर्क के तार इंदौर के दवा बाजार, सागर और प्रदेश के अन्य जिलों तक जुड़े हो सकते हैं। 

उन्होंने कहा कि जांच आगे बढ़ने पर कई और नाम सामने आ सकते हैं। बीजेपी ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से इन आरोपों पर जवाब मांगा है। अब देखना होगा कि कांग्रेस इन आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया देती है और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।