INDORE के मुक्तिधाम में बवाल: एक की अस्थियां दूसरा ले गया, 3 अलग-अलग परिवार को मिला 13 नंबर टोकन
पंचकुइया मुक्तिधाम में बड़ी लापरवाही, एक ही टोकन नंबर तीन परिवारों को देने से अस्थियों की हुई अदला-बदली, बिना अस्थि विसर्जन के लौटा गलत अस्थियों को लेकर जाने वाला परिवार
इंदौर के पंचकुइया मुक्तिधाम में प्रबंधन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां एक ही टोकन नंबर तीन अलग-अलग परिवारों को दे दिया गया, जिसके चलते अस्थियों की अदला-बदली हो गई। आरोप है कि एक परिवार की अस्थियां दूसरा परिवार लेकर चला गया। मामला सामने आने के बाद परिजनों ने मुक्तिधाम प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

दरअसल, दरअसल इंदौर के गुरुशंकर नगर निवासी मदनलाल विश्वकर्मा का 6 मार्च को पंचकुइया मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया था। शनिवार को जब परिजन अस्थियां लेने पहुंचे तो उन्हें अस्थियां नहीं मिलीं। जांच करने पर सामने आया कि मुक्तिधाम प्रबंधन ने टोकन नंबर 13 तीन अलग-अलग परिवारों को जारी कर दिया था, जिससे भारी गफलत हो गई।

इसके बाद मदनलाल विश्वकर्मा के बेटे और अन्य परिजनों ने रजिस्टर में दर्ज जानकारी के आधार पर उस परिवार से संपर्क किया जो अस्थियां लेकर चला गया था। बताया जा रहा है कि नगर निगम की ओर से दी गई गलत अस्थियां लेकर वह परिवार खेड़ीघाट स्थित नर्मदा तट पर विसर्जन के लिए पहुंच गया था। हालांकि अस्थि विसर्जन से पहले ही उनसे संपर्क हो गया, जिसके बाद वह परिवार बिना विसर्जन किए इंदौर के लिए वापस रवाना हो गया। इधर अपने पिता की अस्थियों के इंतजार में बेटा और अन्य परिजन घंटों तक पंचकुइया मुक्तिधाम में बैठे रहे।

वहीं, इस पूरे मामले ने मुक्तिधाम प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर कई समाजसेवी भी पहुंचे, जिन्होंने मुक्तिधाम प्रबंधन से चर्चा कर पीड़ित परिवार का सहयोग किया। समाजसेवियों का कहना है कि यह पूरी गड़बड़ी मुक्तिधाम पर तैनात नगर निगम के अपरिपक्व कर्मचारियों की लापरवाही का नतीजा है।

Varsha Shrivastava 
