शादी का झांसा देकर महिला से लाखों की धोखाधड़ी, रूस भागने की कोशिश में IGI एयरपोर्ट से पकड़ा गया आरोपी
जीवनसाथी डॉट कॉम पर मर्चेंट नेवी अफसर बनकर 26 लाख की ठगी, इंदौर क्राइम ब्रांच ने आरोपी को किया गिरफ्तार
इंदौर क्राइम ब्रांच ने शादी का झांसा देकर 26 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी का पर्दाफाश किया है। आरोपी ने जीवनसाथी डॉट कॉम पर खुद को मर्चेंट नेवी का अधिकारी बताकर पहले महिला से दोस्ती की फिर शादी का वादा किया और इलाज सहित अलग-अलग बहानों से लाखों रुपये ऐंठ लिए। रूस भागने की कोशिश के दौरान आरोपी को दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर इंदौर लाया गया है।
जीवनसाथी डॉट कॉम पर फर्जी मर्चेंट नेवी अफसर बनकर ठगी
दरअसल, इंदौर क्राइम ब्रांच ने ऑनलाइन मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार नोएडा निवासी जितेंद्र छोनकर उर्फ जीतू ने जीवनसाथी डॉट कॉम पर खुद को मर्चेंट नेवी का अधिकारी बताकर एक महिला से संपर्क किया और शादी का झांसा देकर उससे 26 लाख 86 हजार 500 रुपये की धोखाधड़ी की। आरोपी ने खुद को ब्लड कैंसर से पीड़ित बताते हुए इलाज के नाम पर भी बड़ी रकम वसूली और बाद में फरार हो गया।
26 लाख ठगने वाले आरोपी को पुलिस ने रूस भागने से पहले पकड़ा
शिकायत के बाद क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। 27 जून को आरोपी रूस भागने की फिराक में दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचा, जहां इमिग्रेशन जांच के दौरान उसके खिलाफ दर्ज शिकायत सामने आने पर उसे रोक लिया गया। सूचना मिलने पर इंदौर पुलिस की टीम दिल्ली पहुंची, कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ट्रांजिट रिमांड पर आरोपी को इंदौर लाई। फिलहाल आरोपी पुलिस रिमांड पर है और उससे पूछताछ जारी है।
Varsha Shrivastava 
