इंदौर के वार्ड 58 और 60 के उपचुनाव स्थगित, आयोग के निर्देश के बाद होगी आगे की कार्रवाई
इंदौर में उपचुनाव पर ब्रेक: वार्ड 58 और 60 की चुनावी प्रक्रिया रुकी, आयोग के आदेश का इंतजार
इंदौर नगर निगम के वार्ड 58 और 60 के उपचुनाव फिलहाल स्थगित कर दिए गए हैं। इस पूरे मामले पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शिवम वर्मा ने कहा है कि राज्य निर्वाचन आयोग का पत्र प्राप्त हो चुका है और आयोग के निर्देशों के अनुरूप ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। वार्ड 60 का उपचुनाव पहले ही हाई कोर्ट के आदेश के बाद स्थगित हो चुका था, जबकि अब आयोग के निर्देश पर वार्ड 58 का उपचुनाव भी रोक दिया गया है।
दरअसल, इंदौर में नगर निगम के वार्ड 58 और 60 के उपचुनाव को लेकर स्थिति फिलहाल स्पष्ट हो गई है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शिवम वर्मा ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग का पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें निर्वाचन स्थगित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आयोग के पत्र का अवलोकन किया जा रहा है और जो भी निर्देश आयोग की ओर से प्राप्त होंगे, उनके अनुरूप ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि वार्ड 60 की कांग्रेस पार्षद के निर्वाचन को शून्य घोषित किए जाने के मामले में हाई कोर्ट ने पहले ही रोक लगा दी थी, जिसके चलते उस वार्ड का उपचुनाव पूर्व में ही स्थगित कर दिया गया था। अब राज्य निर्वाचन आयोग के नवीन निर्देशों के बाद वार्ड 58 का उपचुनाव भी स्थगित कर दिया गया है। ऐसे में दोनों वार्डों में अब अगली चुनावी प्रक्रिया आयोग और न्यायालय के आगामी निर्देशों के बाद ही आगे बढ़ेगी।
Varsha Shrivastava 
