इंदौर कलेक्टर का बड़ा एक्शन, 2 लाख की रिश्वत मांगने के आरोप में पटवारी निलंबित
इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने जनसुनवाई में प्राप्त शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए 2 लाख रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में पटवारी अनुशील जोसफ को निलंबित कर दिया
इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने जनसुनवाई में प्राप्त शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पटवारी अनुशील जोसफ को निलंबित कर दिया है। पटवारी पर बटांकन आदेश का पालन करने के एवज में दो लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगा था। शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद कलेक्टर के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। साथ ही संबंधित बटांकन आदेश का तत्काल पालन कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।

इंदौर जिले की बिचौली हप्सी तहसील में पदस्थ पटवारी अनुशील जोसफ के खिलाफ एक पीड़ित ने जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि न्यायालय द्वारा पारित बटांकन आदेश का अमल करने के लिए पटवारी द्वारा दो लाख रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर शिवम वर्मा ने जांच कराई, जिसमें प्रथम दृष्टया शिकायत सही पाई गई।
जिसमें अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, बिचौली हप्सी द्वारा जारी आदेश के अनुसार पटवारी अनुशील जोसफ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय तहसील बिचौली हप्सी निर्धारित किया गया है। आदेश में तहसीलदार को निर्देशित किया गया है कि निलंबित कर्मचारी के विरुद्ध आरोप पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज तैयार कर सात दिवस के भीतर प्रस्तुत किए जाएं। वहीं, कलेक्टर शिवम वर्मा ने पीड़ित की समस्या का तत्काल निराकरण करते हुए संबंधित बटांकन आदेश का तुरंत अमल सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए हैं।
Varsha Shrivastava 
