पाकिस्तान में नमाज के दौरान धमाका: मस्जिद के पास हुए ब्लास्ट में 15 की मौत, 50 से ज्यादा घायल
पाकिस्तान में नमाज के वक्त ब्लास्ट: खैबर पख्तूनख्वा के कोहाट जिले में पुलिस लाइंस गेट पर धमाका, 15 की मौत-50 घायल, मस्जिद बुरी तरह क्षतिग्रस्त, विस्फोटकों से भरी गाड़ी टकराने की आशंका
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में शुक्रवार को नमाज के दौरान मस्जिद के पास जोरदार धमाका हुआ। हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। धमाका इतना तेज था कि मस्जिद के बाहरी हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा और एक दीवार भी गिर गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
15 की मौत, 50 से ज्यादा घायल
कोहाट के सरकारी अस्पताल के अधिकारी के मुताबिक, अस्पताल में अब तक 15 शव लाए गए हैं। इसके अलावा 50 से ज्यादा घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। घायलों में कुछ पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने के बाद अस्पताल में इमरजेंसी लागू कर दी गई है। डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को इलाज के लिए अलर्ट पर रखा गया है।
विस्फोटकों से भरी गाड़ी टकराने की आशंका
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि पुराने पुलिस लाइंस के गेट पर विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी टकराई थी। इसके बाद जोरदार धमाका हुआ। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि विस्फोट किस तरह हुआ और इसके पीछे किसका हाथ है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचकर जांच कर रही हैं।
धमाके के बाद प्रशासन ने कोहाट-हंगू रोड को बंद कर दिया है। सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और घटनास्थल के आसपास लोगों की आवाजाही को नियंत्रित किया जा रहा है। जांच एजेंसियां विस्फोट के कारणों और इसमें शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही हैं।
मस्जिद के बाहरी हिस्से को भारी नुकसान
धमाके की वजह से मस्जिद के बाहर का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एक दीवार गिरने की भी जानकारी सामने आई है। नमाज के समय बड़ी संख्या में लोग आसपास मौजूद थे, जिसके कारण घायलों की संख्या अधिक बताई जा रही है। राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
मुख्यमंत्री ने मांगी घटना की पूरी रिपोर्ट
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने अधिकारियों से घटना की पूरी रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने बेगुनाह लोगों को निशाना बनाए जाने की निंदा करते हुए अधिकारियों को घायलों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से देश का हौसला नहीं टूटेगा। प्रांत के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने भी धमाके की निंदा की है।
कोहाट में पहले भी हो चुका है बड़ा धमाका
कोहाट में इससे पहले भी बड़ा बम धमाका हो चुका है। साल 2010 में पुलिस लाइंस के पीछे स्थित एक पुलिस कॉलोनी में रिमोट कंट्रोल बम विस्फोट हुआ था। उस घटना में 20 लोगों की मौत हुई थी। मृतकों में ज्यादातर पुलिसकर्मियों के परिवार के सदस्य शामिल थे। हमले में 90 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
Varsha Shrivastava 
