ट्रैक्टर ने बाइक सवार 3 युवकों को कुचला: एक की हालत गंभीर, हादसे के बाद चालक फरार
मऊगंज में नईगढ़ी-लालगंज मार्ग पर भीषण हादसा: ट्रैक्टर की टक्कर से 3 युवक लहूलुहान, एक के सिर-मुंह में गंभीर चोटें
मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
मऊगंज। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। नईगढ़ी-लालगंज मार्ग पर खडुई नदी के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार तीन युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम डाभी निवासी रज्जन लाल साकेत (22), पिता सियाम्बर साकेत, मनीष साकेत (27), पिता जगजीवन लाल साकेत और विक्रम साकेत (18), पिता भाई लाल साकेत, एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर नईगढ़ी से लालगंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खडुई नदी के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
चिकित्सकों के मुताबिक, रज्जन लाल साकेत के सिर और मुंह में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, मनीष साकेत और विक्रम साकेत को भी शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। तीनों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। उधर, हादसे के बाद फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।
Varsha Shrivastava 
