छत्तीसगढ़ में EOW रेड : रायपुर में अनवर ढेबर के घर दबिश, भिलाई- राजनांदगांव- बिलासपुर में भी छापेमारी
EOW Raids in Chhattisgarh : शुक्रवार सुबह रायपुर, भिलाई, बिलासपुर, राजनांदगांव और गरियाबंद में कारोबारियों के ठिकानों पर टीम ने दबिश दी है।
EOW Raids in Chhattisgarh : रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब, कोल लेवी और DMF घोटालों की जांच तेज हो गई है। शुक्रवार सुबह EOW और ACB की टीमों ने कई शहरों में एक साथ छापेमारी की। रायपुर, भिलाई, बिलासपुर, राजनांदगांव और गरियाबंद में कारोबारियों के घरों और दफ्तरों की तलाशी ली गई। कोरबा जिले के कटघोरा में भी DMF मामले को लेकर कार्रवाई की गई है।
रायपुर में अनवर ढेबर के ठिकाने पर जांच
रायपुर में जांच एजेंसी की टीम ने शराब कारोबारी अनवर ढेबर के घर दबिश दी। इसके अलावा VIP स्टेट में रियल एस्टेट कारोबारी सुदर्शन शर्मा के आवास पर भी छापेमारी की गई। टीम यहां दस्तावेजों और दूसरे जरूरी रिकॉर्ड की जांच कर रही है। सुदर्शन शर्मा के ठिकाने पर कार्रवाई को शराब घोटाले की जांच से जुड़ा बताया जा रहा है।
राजनांदगांव और भिलाई में भी छापे
राजनांदगांव में करीब 20 अधिकारियों की टीम ने कारोबारी वैभव गोलछा और जय बग्गा के घरों तथा व्यावसायिक परिसरों में तलाशी ली। टीम वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेज और मोबाइल-लैपटॉप की जांच कर रही है। वहीं, भिलाई-3 के वसुंधरा नगर में ट्रांसपोर्टर जितेंद्र सिंह के घर सुबह करीब 8 बजे टीम पहुंची।
बिलासपुर और गरियाबंद में कार्रवाई
बिलासपुर के उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू में कोल कारोबारी शाजिद खान के ठिकाने पर जांच की गई। गरियाबंद के गोबरा नवापारा और राजिम में विमल पारख और राजा पारख से जुड़े शांति विजय तथा नवकार ज्वेलर्स पर छापे मारे गए।
कटघोरा में DMF घोटाले की जांच
कोरबा जिले के कटघोरा में नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल और नगर सैनिक दिलीप केंवट के ठिकानों पर भी कार्रवाई हुई। यहां DMF घोटाले से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। फिलहाल एजेंसियों ने छापेमारी में मिली सामग्री को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।

