दीपावली पर दुकानदारों को बड़ी राहत: नहीं होगी निगम की कार्रवाई, निर्बाध्य लगेंगी दीपावली सामग्री की दुकानें

इंदौर में दीपावली पर राजवाड़ा सहित परंपरागत स्थानों पर अस्थाई दुकानें लगेंगी। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने दुकानदारों पर नगर निगम की कार्रवाई नहीं होने की बात कही।

दीपावली पर दुकानदारों को बड़ी राहत: नहीं होगी निगम की कार्रवाई, निर्बाध्य लगेंगी दीपावली सामग्री की दुकानें

इंदौर। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। घरों को रोशन करने वाले दीये, बाती और पूजन सामग्री की दुकानें सजने की तैयारी है। इस बीच हर साल दीपावली पर अस्थाई दुकानें लगाने वाले छोटे दुकानदारों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। इस बार इंदौर में परंपरागत स्थानों पर पहले की तरह दुकानें लगाई जा सकेंगी। राजवाड़ा पर भी दीये-बत्ती का बाजार सजेगा। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने स्पष्ट किया है कि नगर निगम इन दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करेगा।

राजवाड़ा पर पहले की तरह लगेगा दीये-बत्ती का बाजार

दरअसल, पिछले कुछ वर्षों से दीपावली के दौरान राजवाड़ा सहित शहर के प्रमुख बाजारों में अस्थाई दुकानें लगाने को लेकर अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था का मुद्दा सामने आता रहा है। कई बार छोटे दुकानदारों को नगर निगम की कार्रवाई का सामना करना पड़ा था। ऐसे में इस बार दुकानदारों को त्योहार के दौरान अपनी दुकानें लगाने को लेकर राहत मिली है।

दुकानदारों को भी करना होगा सहयोग

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने साफ किया है कि परंपरागत स्थानों पर दुकानें लगाने से किसी को नहीं रोका जाएगा और नगर निगम की ओर से दुकानदारों पर कार्रवाई भी नहीं होगी। हालांकि, दुकानदारों को निर्धारित सीमा में रहकर कारोबार करना होगा। सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने की अनुमति नहीं होगी।

यातायात व्यवस्था बनाए रखने की अपील

महापौर ने दुकानदारों और यातायात पुलिस से आपसी सहयोग की अपील की है। उनका कहना है कि दीपावली के दौरान बाजारों में रौनक भी बनी रहे और आम लोगों को आवाजाही में परेशानी भी न हो। इस फैसले से उन छोटे दुकानदारों को राहत मिलेगी, जो हर साल दीपावली के दौरान अस्थाई दुकानें लगाकर अपनी आजीविका चलाते हैं।