भाजपा विधायक गोलू शुक्ला की बस को गांववालों ने फूंका
भाजपा विधायक गोलू शुक्ला की बस को गांववालों ने फूंका पत्थरबाजी कर शीशे तोड़े सड़क पर बैठी गायों को टक्कर मारने से थे गुस्साए
6 जुलाई की रात उज्जैन के पंथ पिपलाई में बलराम जाट ढाबे के पास उज्जैन आ रही बस ने सड़क पर बैठी दो गायों को टक्कर मार दी। इससे दोनों गायों की मौत हो गई। इसके बाद ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने पहले यात्रियों को सुरक्षित उतारा, फिर पथराव कर बस के शीशे तोड़ दिए और बस में आग लगा दी। इससे पूरी बस जलकर खाक हो गई। बस इंदौर के विधायक गोलू शुक्ला की बताई जा रही है। आग लगने से मौके पर हड़कंप मच गया और उज्जैन-इंदौर रोड पर अफरा-तफरी मच गई। नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया कि दो गायों की मौत के बाद कुछ लोगों ने बस को नुकसान पहुंचाया। हालांकि, आशंका है कि बस में आग शॉर्ट सर्किट से लगी। मामले की जांच की जा रही है।

गुस्साए ग्रामीणों ने तोड़फोड़ के बाद बस को आग के हवाले कर दिया।

बस के शीशे टूटने के बाद टुकड़े सड़क पर बिखरे नजर आए।

बस में बैठे यात्रियों को सुरक्षित उतारा, फिर पथराव कर बस के शीशे तोड़ दिए।
शुक्ला की बसों के साथ पहले भी हो चुके हादसे
18 सितंबर 2025 – इंदौर-उज्जैन (सांवेर) रोड पर चार की मौत
बाणेश्वरी ट्रैवल्स की बस ने बाइक सवार दंपती और दो बच्चों को कुचल दिया था। माता-पिता और एक बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे बेटे ने अरविंदो अस्पताल के आईसीयू में दम तोड़ दिया। महू एडिशनल एसपी रूपेश द्विवेदी के मुताबिक, बस शुक्ला ब्रदर्स के नाम पर रजिस्टर्ड है और बीजेपी विधायक गोलू शुक्ला के ऑफिस से ऑपरेट होती है।
बस के कांच फोड़ दिए और आग लगाने की कोशिश
हादसे के बाद ड्राइवर और हेल्पर भाग निकले। मौके पर मौजूद लोगों ने आक्रोश में बस के कांच फोड़ दिए और आग लगाने की कोशिश की। एडिशनल एसपी द्विवेदी ने बताया कि हादसा ओवर स्पीड के चलते हुआ। बस ने बाइक को सामने से टक्कर मारी। हादसे के समय एक तरफ का रोड ही चालू था।
मोबाइल पर बात करते हुए बस चला रहा था ड्राइवर
पुलिस जांच में सामने आया कि ड्राइवर मोबाइल पर बात करते हुए तेज रफ्तार से बस चला रहा था। यात्रियों ने उसे स्पीड कम करने के लिए टोका था, लेकिन उसने स्पीड कम नहीं की।
14 जनवरी 2026- बाइक सवार को टक्कर, लोगों ने आग लगाई
इंदौर में विधायक गोलू शुक्ला की बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इससे गुस्साई भीड़ ने बस में आग लगा दी। अफरा-तफरी के बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। घटना पटेल ब्रिज के नीचे सुबह करीब 9.30 बजे हुई। फायर ब्रिगेड कर्मचारी के मुताबिक, छोटी ग्वालटोली के आगे शुक्ला ब्रदर्स की बस में आग लगने की सूचना पर टीम भेजी गई। टीम पहुंची तो बस से ऊंची लपटें निकल रही थीं।
फायर ब्रिगेड के एसआई शोभाराम मालवीय ने बताया कि एक टैंक पानी से आग पर काबू पाया गया। तुकोगंज टीआई जितेंद्र यादव के मुताबिक, बस ने एक बाइक को टक्कर मारी थी, जिसके बाद बस में आग लग गई। हालांकि, बाइक सवार को ज्यादा चोट नहीं आई।

