BJP प्रदेश अध्यक्ष का देवतालाब से मऊगंज के द्वार तक अभिनंदन : फूल मालाओं और ढोल-नगाड़ों से गूंजा शहर
प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने कहा, आंगनवाड़ी बहनें केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि ममता की प्रतिमूर्ति हैं। बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, संस्कार और गर्भवती माताओं की देखभाल में वे जिस संवेदना से जुटी हैं, वह मां के आंचल जैसी ही पवित्र है।
जब संगठन का मुखिया पहली बार किसी नवोदित जिले की धरती पर पग रखे तो स्वागत केवल औपचारिकता नहीं, उत्सव बन जाता है। कुछ ऐसा ही दृश्य सोमवार को मऊगंज में दिखा, जब भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का काफिला जिले की सीमा में प्रवेश किया। देवतालाब के रघुनाथगंज से लेकर मऊगंज के बरांव मोड़ तक सड़कें भगवा पताकाओं, फूल-मालाओं और कार्यकर्ताओं के जयघोष से पट गईं।

स्वागत की इस यात्रा का श्रीगणेश देवतालाब से हुआ। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक गिरीश गौतम के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ताओं का हुजूम बाइक और चार पहिया वाहनों के विशाल काफिले के साथ उमड़ा। ढोल-नगाड़ों की थाप, आतिशबाजी की गूंज और गजमालाओं के बीच प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन किया गया।
पन्नी में कार्यकर्ताओं ने आत्मीयता से स्वागत किया। इसके बाद मऊगंज विधानसभा की दहलीज मुदरिया मोड़ पर विधायक प्रदीप पटेल ने अगवानी की। बरांव रोड स्थित बाबा ढाबा के पास जिलाध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में जिला, मोर्चा और मंडल के पदाधिकारियों ने स्वागत कर रैली को शगुन मैरिज गार्डन तक पहुंचाया। पूरा मार्ग मानो भाजपा के शक्ति प्रदर्शन का गवाह बन गया।

सेवा ही संकल्प, ममता ही शक्ति
शगुन पैलेस में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम इस यात्रा का सबसे भावपूर्ण पड़ाव रहा। यहां प्रदेश अध्यक्ष ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को सम्मानित किया। अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि आंगनवाड़ी बहनें केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि ममता की प्रतिमूर्ति हैं। बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, संस्कार और गर्भवती माताओं की देखभाल में वे जिस संवेदना से जुटी हैं, वह मां के आंचल जैसी ही पवित्र है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला, लाड़ली लक्ष्मी और लाड़ली बहना जैसी योजनाएं कागज से निकलकर घर-घर तक पहुंच रही हैं, तो उसका श्रेय आंगनवाड़ी दीदियों के समर्पण को जाता है।

मऊगंज को लेकर उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि लोग कहते थे रीवा से अलग होकर यह छोटा जिला होगा, पर यहां आकर अनुभव हुआ कि यह अष्टभुजा माता और भोलेनाथ की नगरी है, जहां लोगों का हृदय बहुत विशाल और आत्मीय है।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष कांतिदेव सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ राजेंद्र मिश्रा, सांसद जनार्दन मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, विधायक गिरीश गौतम, विधायक प्रदीप पटेल, जिला प्रभारी शशांक श्रीवास्तव, सह-कोषाध्यक्ष पूर्णिमा तिवारी, जनपद अध्यक्ष नीलम सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष बृजवासी पटेल, आशुतोष गुप्ता, नागिता गुप्ता, विभा शर्मा, संतोष सिंह सिसोदिया, कलेक्टर संजय जैन, एसपी सुरेंद्र जैन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी बहने एवं अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।


