CG: भूपेश बघेल ने कहा- प्रदीप मिश्रा-धीरेंद्र शास्त्री फैला रहे अंधविश्वास, BJP-RSS पर भी साधा निशाना

दुर्ग में पूर्व CM भूपेश बघेल ने बीजेपी, RSS, कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा और धीरेंद्र शास्त्री पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि, देश में कभी हिंदू खतरे में नहीं था। लेकिन जब से बीजेपी-आरएसएस सत्ता में आई है, तब से हिंदू खतरे में है। कथावाचक भगवान के बारे में न बताकर अब टोटके बताते हैं।

CG: भूपेश बघेल ने कहा- प्रदीप मिश्रा-धीरेंद्र शास्त्री फैला रहे अंधविश्वास, BJP-RSS पर भी साधा निशाना
Bhupesh Baghel

दुर्ग। पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने BJP-RSS समेत कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा और धीरेंद्र शास्त्री पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश में कभी हिंदू खतरे में नहीं था, लेकिन जब से बीजेपी-आरएसएस सत्ता में आई है, तब से हिंदू खतरे में है। ये लोग डर दिखाकर तीन बार चुनाव जीत चुके हैं। वहीं, भूपेश बघेल ने कहा कि प्रदेश में दो महाराज आ रहे हैं। एक प्रदीप महाराज और दूसरे धीरेंद्र शास्त्री महाराज। ये केवल टोटका और अंधविश्वास की बातें करते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने यह बयान अखिल भारतीय एससी, एसटी, ओबीसी संयुक्त मोर्चा छत्तीसगढ़ की तरफ से दुर्ग के शंकर नगर में संविधान पर्व और राज्य स्तरीय सम्मेलन के आयोजन में दिया। 

मुगलों-मुसलमानों के शासन में भी खतरे में नहीं था हिंदू

भूपेश बघेल ने कहा कि, आजादी की लड़ाई के दौरान भी हिंदू खतरे में नहीं था। देश आजाद हुआ, तब भी कोई खतरा नहीं था। मुगलों का शासन रहा, सुल्तानों का शासन रहा, मुसलमान सत्ता में रहे, लेकिन तब भी हिंदू को कोई खतरा नहीं था। असल में जब से आरएसएस और बीजेपी की सरकार बनी है, तब से हिंदू खतरे में है की बात की जा रही है। यही डर दिखाकर आज यह लोग शासन कर रहे हैं। बघेल ने तंज कसते हुए कहा कि, अब ये खुद को हिंदू नहीं, बल्कि सनातनी कहने लगे हैं। आज न अनुसूचित जाति खतरे में है, न जनजाति, न पिछड़ा वर्ग और यहां तक की अल्पसंख्यक भी खतरे में नहीं है। बीजेपी केवल डर फैलाकर राजनीति कर रही है।

भगवान के बारे में नहीं टोटका बताते हैं कथावाचक

धर्म और अंधविश्वास पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कथावाचक अब केवल टोटके बताते हैं।  प्रदीप मिश्रा और धीरेंद्र शास्त्री न तो भगवान शिव के बारे में बताते हैं और न ही हनुमान के बारे में। आज समाज जितना पढ़ा-लिखा होता जा रहा है, उतना ही अंधविश्वासी भी होता जा रहा है। आम लोग खुद इन कथावाचकों से ज्यादा जानते हैं कि शिव कौन हैं, हनुमान कौन हैं और पूजा कैसे की जाती है।

भूपेश बघेल ने कहा कि, जो लोग वहां जाते हैं इतना पैसा चढ़ाते हैं, इतना विधि विधान करते हैं, लेकिन उनकी स्थिति सुधरी है या नहीं पता नहीं है। लेकिन इन दोनों महाराज की हालत बहुत सुधर गई है। हमारे सभी महापुरुषों ने समाज से अंधविश्वास को दूर किया है। लेकिन आज लोग अंधविश्वास की ओर जा रहे हैं।

सर्वे पर बघेल ने कहा- यह बीजेपी का डर है

इसके अलावा अपने नाम पर कराए जा रहे सर्वे को लेकर भी भूपेश बघेल ने सवाल उठाए और कहा कि, आज उनके नाम से सर्वे कराया जा रहा है कि भूपेश बघेल को गिरफ्तार किया जाना चाहिए या नहीं। उन्होंने पूछा कि इसका मतलब क्या है? पुलिस व्यवस्था है, न्याय व्यवस्था है, सब सरकार के हाथ में है। अगर कोई गलती की है तो कार्रवाई करें, फैसला कोर्ट का काम है। लेकिन सर्वे कराने का क्या औचित्य है? अमित शाह जो इस प्रकार से पूरे प्रदेश में सर्वे करवा रहे हैं, तो ये उनका डर है। ये डराने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन मैं डरने वाला नहीं हूं।