रीवा: 2028 तक पूरा होगा ललितपुर–सिंगरौली रेल लाइन का काम, जनता को मिलेगी बड़ी सौगात

ललितपुर–सतना–रीवा–सीधी–सिंगरौली नई रेल लाइन जिसका लंबे समय से इंतजार था. इस परियोजना को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है.

रीवा: 2028 तक पूरा होगा ललितपुर–सिंगरौली रेल लाइन का काम, जनता को मिलेगी बड़ी सौगात

रीवा। ललितपुर–सतना–रीवा–सीधी–सिंगरौली नई रेल लाइन जिसका लंबे समय से इंतजार था. इस परियोजना को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. 2028 तक इस महत्वाकांक्षी रेल लाइन का काम पूरा कर जनता को सौंप दिया जाएगा. इसे लेकर रीवा में संभागीय समीक्षा बैठक हुई है. बैठक में रेल परियोजना से जुड़े उन सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिनके कारण भू-अर्जन की समस्याओं से काम रुका हुआ था. बैठक में संभाग के सभी कलेक्टर, कमिश्नर और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

9000 करोड़ की परियोजना, 541 किमी लंबी रेल लाइन

ललितपुर–सिंगरौली नई रेल लाइन परियोजना लगभग 9000 करोड़ की लागत से तैयार की जा रही है. इस परियोजना के तहत करीब 541 किलोमीटर लंबी रेल लाइन का निर्माण किया जाना है, जो बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र को सीधे आपस में जोड़ेगी. इस रेल लाइन के पूरा होने से रीवा, सतना और सिंगरौली को दिल्ली सहित देश के अन्य बड़े महानगरों से सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे यात्रियों को बड़ी सुविधा होगी.

भू-अर्जन से अब नहीं रुकेगा काम

मीडिया से चर्चा करते हुए उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि समीक्षा बैठक में यह स्पष्ट रूप से तय किया गया है कि अब भू-अर्जन के कारण कोई भी कार्य नहीं रुकेगा. प्रशासन और रेलवे विभाग के बीच बेहतर समन्वय बनाकर सभी अड़चनों को दूर किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह परियोजना विंध्य क्षेत्र के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी और 2028 तक रेल लाइन पूरी कर आम जनता को समर्पित कर दी जाएगीत.

विकास और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

रेल लाइन के निर्माण से न केवल यात्री सुविधाएं बढ़ेंगी, बल्कि औद्योगिक विकास, व्यापार और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.  लंबे समय से इस परियोजना का इंतजार कर रही जनता के लिए यह बड़ी राहत और सौगात मानी जा रही है.