MP कांग्रेस का आरोप: BLA/BLA-2 और फॉर्म-7 का दुरुपयोग, मतदाता सूची से नाम काटने की साजिश उजागर
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अमित शर्मा ने प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि जानबूझकर अल्पसंख्यको एससी एसटी के नाम मतदाता सूची से काटे जा रहे हैं।
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अमित शर्मा ने 31 जनवरी शनिवार को भोपाल में एक प्रेस वार्ता कर मतदाता सूची से नाम काटे जाने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने भोपाल की दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के ऐसे कई मतदाताओं को मीडिया के सामने पेश किया, जो लंबे समय से एक ही पते पर रह रहे हैं और जिनका वोटर आईडी कार्ड भी उसी पते पर बना हुआ है। इन लोगों ने पिछले विधानसभा चुनाव में इसी वोटर आईडी के आधार पर मतदान भी किया था, लेकिन अब विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के तहत उनके नाम मतदाता सूची से काट दिए गए हैं।
इस प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता संतोष परिहार, कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी और वे मतदाता भी मौजूद रहे, जिनके नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं।
भाजपा के बीएलए-2 ने शिकायत दर्ज कराई थी
अमित शर्मा ने बताया कि जिन मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, उनमें बड़ी संख्या ऐसे लोगों की है जिनके खिलाफ भाजपा के बीएलए-2 (Booth Level Agent-2) द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी। कांग्रेस महासचिव ने बताया कि जब उन्होंने स्वयं शिकायतकर्ता से फोन पर बात की, तो उसने साफ तौर पर स्वीकार किया कि वह भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता है।
अमित शर्मा ने आरोप लगाया कि एक ही व्यक्ति द्वारा अपने नाम से 8 से ज्यादा मतदाताओं के नाम काटने की शिकायत की गई है। जब शिकायतकर्ता से पूछा गया कि उसने इतनी बड़ी संख्या में शिकायतें क्यों कीं, तो उसका जवाब था कि बीएलए-2 द्वारा जो सूची उसे उपलब्ध कराई गई थी, उसी के आधार पर उसने शिकायत दर्ज कराई। कांग्रेस ने इसे मतदाता सूची से नाम हटाने का सुनियोजित तरीका बताया।

अल्पसंख्यक समुदाय, SC-ST वर्ग को निशाना बनाया
अमित शर्मा ने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में जानबूझकर अल्पसंख्यक समुदाय, अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के मतदाताओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब एक सोची-समझी रणनीति के तहत किया जा रहा है ताकि विपक्ष समर्थक मतदाताओं को मतदान से वंचित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस पूरे मामले को लेकर पहले निर्वाचन अधिकारियों से शिकायत करेगी, फिर चुनाव आयोग का दरवाज़ा खटखटाया जाएगा और यदि जरूरत पड़ी तो न्यायालय की शरण भी ली जाएगी।
भाजपा-चुनाव आयोग की मिलीभगत का आरोप
प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस ने भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से वोट कटौती का आरोप लगाते हुए इसे लोकतंत्र को कमजोर करने वाला सुनियोजित षड्यंत्र बताया। कांग्रेस का कहना है कि बीएलए और बीएलए-2 तथा फॉर्म-7 की प्रक्रिया का दुरुपयोग कर मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की जा रही है। प्र
देश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अमित शर्मा ने दस्तावेजी और लाइव सबूत पेश करते हुए कहा कि बीएलए और बीएलए-2 के माध्यम से एक ही व्यक्ति द्वारा 50-50 से लेकर 100 तक फर्जी आपत्तियां दर्ज कराई जा रही हैं। हैरानी की बात यह है कि शिकायत करने वाले व्यक्ति को खुद यह भी नहीं पता होता कि जिन मतदाताओं के नाम हटवाए जा रहे हैं, वे कौन हैं।
प्रक्रिया में फॉर्म-7 और BLA-2 सिस्टम का दुरुपयोग
कांग्रेस का आरोप है कि जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे जा रहे हैं, उन्हें न तो कोई पूर्व सूचना दी जा रही है और न ही उनकी बात सुनी जा रही है। यह पूरी प्रक्रिया फॉर्म-7 और बीएलए-2 सिस्टम के दुरुपयोग के जरिए, पहले से तय योजना के तहत चलाई जा रही है।
प्रेस वार्ता के दौरान अमित शर्मा ने लाइव कॉल कर यह साबित किया कि किस तरह एक व्यक्ति अकेले ही बीएलए और बीएलए-2 की मदद से 50 से ज्यादा मतदाताओं के नाम कटवा रहा है। फोन पर उस व्यक्ति ने खुद स्वीकार किया कि वह भाजपा के लिए काम कर रहा है, जिससे कांग्रेस के आरोपों को और बल मिला।
राहुल गांधी के आरोप, कांग्रेस की चेतावनी
इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता राहुल राज ने कहा कि राहुल गांधी पहले ही बिहार, बेंगलुरु और हरियाणा में बीएलए और बीएलए-2 के जरिए वोट चोरी और मतदाता सूची में हेरफेर को लेकर सवाल उठा चुके हैं, लेकिन आज तक भाजपा और चुनाव आयोग की ओर से कोई ठोस जवाब नहीं दिया गया।
आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश महासचिव अमित शर्मा जी एवं प्रदेश प्रवक्ता राहुल राज जी ने एसआईआर में हो रही गंभीर गड़बड़ियों को लेकर प्रमाणों के साथ पत्रकार वार्ता की। https://t.co/CnujINta0l
— MP Congress (@INCMP) January 31, 2026
उन्होंने बेंगलुरु के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि वहां एक व्यक्ति द्वारा किसी दूसरे के मोबाइल नंबर से तीसरे व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हटवाने का मामला सामने आया था। हरियाणा में भी इसी तरह का पैटर्न देखने को मिला। राहुल राज ने कहा कि पचमढ़ी प्रवास के दौरान राहुल गांधी ने यह कहा था कि मध्य प्रदेश में वोट चोरी हुई है और आज कांग्रेस द्वारा प्रस्तुत किए गए सबूत उसी बयान की पुष्टि करते हैं।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जिला कलेक्टर और निर्वाचन अधिकारी तुरंत इस फर्जी प्रक्रिया पर रोक नहीं लगाते हैं और बीएलए-2 के जरिए लगाए गए सभी फर्जी फॉर्म-7 को निरस्त नहीं किया जाता है, तो कांग्रेस पार्टी 24 घंटे के भीतर इस षड्यंत्र में शामिल सभी बीएलए, बीएलए-2 और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएगी।
Varsha Shrivastava 
