केंद्र के बजट में मध्यप्रदेश के साथ कोई भेदभाव नहीं: डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा

केंद्र सरकार के बजट को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के आरोपों पर डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने कड़ा जवाब दिया है.

केंद्र के बजट में मध्यप्रदेश के साथ कोई भेदभाव नहीं: डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा

केंद्र सरकार के बजट को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के आरोपों पर डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने कड़ा जवाब दिया है. भोपाल में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने साफ कहा कि केंद्र सरकार के बजट में मध्यप्रदेश के साथ किसी भी तरह का भेदभाव नहीं किया गया है. 

डिप्टी सीएम ने कहा कि यह बजट पूरे देश और हर वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. सरकार 2047 के लक्ष्य को लेकर काम कर रही है और यह बजट उसी दिशा में एक मजबूत कदम है. उन्होंने बताया कि कैंसर और गंभीर बीमारियों के इलाज को सस्ता किया गया है, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा.

जगदीश देवड़ा ने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर के बजट में बढ़ोतरी की गई है, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। जिला अस्पतालों को अपडेट किया जाएगा और सभी विभागों के बजट में वृद्धि की गई है. इसका लाभ मध्यप्रदेश को भी मिलेगा.

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी तरह बौखला गई है. बिहार में कांग्रेस साफ हो चुकी है और पश्चिम बंगाल में भी उसका यही हाल होने वाला है. उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार के ये सकारात्मक कदम कांग्रेस को क्यों नजर नहीं आ रहे हैं.

डिप्टी सीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्यों को बजट आवंटन में कटौती या बढ़ोतरी स्थिति और जरूरतों को देखकर की जाती है. साथ ही उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार का आगामी बजट भी सभी वर्गों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है.