मां- बेटी पर पेट्रोल डालकर लगाई आग : मां की मौत, 14 वर्षीय बेटी घायल; आरोपी महिला गिरफ्तार
Bina Mother Daughter Fire Case : बीना के गोदना गांव में मां-बेटी पर पेट्रोल डालकर आग लगाने के मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार किया। इलाज के दौरान मां की मौत हो गई, जबकि 14 वर्षीय बेटी का भोपाल में उपचार जारी है।
Bina Mother Daughter Fire Case : सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले के बीना थाना क्षेत्र के ग्राम गोदना में मां-बेटी को पेट्रोल डालकर जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना 2 नवंबर 2026 की शाम की है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला काजल गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में 35 वर्षीय गिरजा दांगी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनकी 14 वर्षीय बेटी आयुषी का भोपाल के हमीदिया अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य और वारदात में इस्तेमाल सामग्री भी जब्त की है।
घर में घुसकर पेट्रोल डालने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, आयुषी ने अस्पताल में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि घटना के समय वह अपनी मां के साथ घर के कमरे में मौजूद थी। तभी उसकी चाची काजल गोस्वामी हाथ में पेट्रोल से भरी बाल्टी लेकर वहां पहुंची। आरोप है कि उसने पुरानी रंजिश को लेकर मां-बेटी पर पेट्रोल डाल दिया और माचिस से आग लगा दी। दोनों की चीख-पुकार सुनकर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाई। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
पति से संबंधों को लेकर था विवाद
पुलिस की पूछताछ और जांच में सामने आया कि आरोपी महिला का पीड़ित परिवार से पुराना विवाद था। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने पति आकाश और गिरजा के बीच कथित मैत्री संबंधों को लेकर नाराजगी की बात बताई। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने वारदात से एक दिन पहले स्कूटी से पेट्रोल निकालकर रख लिया था। इसके बाद वह स्टील की डोलची में पेट्रोल लेकर दूसरे रास्ते से पीड़िता के घर पहुंची और कथित तौर पर आग लगा दी।
CCTV फुटेज और बयानों से मिले अहम सुराग
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस के मुताबिक, फुटेज में आरोपी को घटनास्थल की ओर जाते देखा गया। इसके अलावा घायल मां-बेटी के कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के सामने बयान भी दर्ज कराए गए थे। दोनों ने अपने बयानों में आरोपी महिला पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगाया था।
स्टील की डोलची, कपड़े और माचिस जब्त
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर स्टील की डोलची, उसका ढक्कन, कपड़े, जूते और माचिस जब्त की है। घटनास्थल से मां-बेटी के अधजले कपड़े और जला हुआ मोबाइल भी बरामद किया गया। आरोपी काजल गोस्वामी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
मां की मौत के बाद हत्या की धारा बढ़ाने की तैयारी
पुलिस ने बताया कि घायल गिरजा दांगी की इलाज के दौरान बीएमसी सागर में मौत हो गई। वहीं, 14 साल आयुषी का इलाज हमीदिया अस्पताल भोपाल में जारी है। मां की मौत के बाद पुलिस ने प्रकरण में हत्या की धारा बढ़ाने की बात कही है। मामले की आगे की जांच जारी है।

