छत्तीसगढ़: सरगुजा, राजनांदगांव और जगदलपुर जिला कोर्ट को मिली बम से उड़ाने की धमकी
छत्तीसगढ़ के 3 जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल आया है। ये कोर्ट है- सरगुजा, राजनांदगांव और जगदलपुर। जिला कोर्ट के ईमेल एड्रेस पर धमकी भेजी गई। जिसके बाद डॉग स्क्वॉयड और बम डिस्पोजल स्क्वॉयड की टीम ने परिसर की तलाश ली।
छत्तीसगढ़ में तीन जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ये जिला कोर्ट है- सरगुजा, राजनांदगांव और जगदलपुर। जिला कोर्ट के ईमेल एड्रेस पर न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। ईमेल जज ने रिसीव किया और जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने कोर्ट परिसर के साथ सभी कार और बाइक सवारों की भी तलाशी ली। कोर्ट में आने-जाने वाले लोगों की जांच पुलिस अधिकारी मेटल डिटेक्टर से कर रहें हैं।
जज को मिला ई-मेल, पुलिस ने ली परिसर की तलाशी
सरगुजा और जगदलपुर जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली, साथ ही राजनांदगांव जज को भी ई-मेल आया था। सरगुजा जिला कोर्ट के जज ने ईमेल रिसीव किया और फिर इसकी जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस अमला जिला कोर्ट पहुंचा। मौके पर एएसपी अमोलक सिंह, सीएसपी राहुल बंसल सहित पुलिस अधिकारियों और जवानों की टीम मौजूद रही। डॉग स्क्वॉयड और बम डिस्पोजल स्क्वॉयड की टीम ने कोर्ट परिसर की जांच की। इधर, बस्तर एसपी शलभ कुमार सिन्हा समेत एक पुलिस टीम भी जगदलपुर कोर्ट पहुंची। फिलहाल, कोर्ट परिसर में तलाशी लेने के बाद डॉग स्क्वॉयड को तैनात किया गया है।
CG के कई न्यायालयों को पहले भी मिल चुकी है धमकी
सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल ने बताया कि अभी तक कोई ऐसा संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु नहीं मिला है और लगातार जांच जारी है। बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की टीम लगाई गई है। ई-मेल आउटलुक से आया है, जिसे चेक किया जा रहा है कि कहां से आया है और क्या उद्देश्य है। इसके अलावा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बता दें, इससे पहले भी छत्तीसगढ़ की कई जिला अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। करीब 20 दिन पहले ही दुर्ग, राजनांदगांव और धमतरी की अदालतों को तमिलनाडू से बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला था। जिसके बाद इन सभी जिला कोर्ट की जांच की गई थी।

