मुरैना शॉर्ट एनकाउंटर : CM दौरे से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 80 हजार का इनामी डकैत कल्ली गुर्जर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
Dacoit Kalli Gurjar Arrested : मुरैना के बानमोर जंगलों में पुलिस मुठभेड़ के बाद 80 हजार रुपये का इनामी डकैत कल्ली गुर्जर गिरफ्तार। पैर में गोली लगने से घायल बदमाश अस्पताल में भर्ती, फरार साथियों की तलाश जारी।
Dacoit Kalli Gurjar Arrested : मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में पुलिस ने 80 हजार रुपये के इनामी डकैत कल्ली गुर्जर को गिरफ्तार किया है। बानमोर थाना क्षेत्र के जंगलों में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान दोनों तरफ से फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कल्ली गुर्जर के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को उपचार के लिए मुरैना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उसके फरार साथियों की तलाश कर रही है।
जंगल में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि बानमोर थाना क्षेत्र के जंगलों में एक संदिग्ध हथियार लेकर घूम रहा है। इसके बाद एसपी धर्मराज मीणा के निर्देश पर अलग-अलग थानों की पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने जंगल में घेराबंदी की तो वहां कल्ली गुर्जर से सामना हो गया। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। उसने करीब 20 राउंड गोलियां चलाईं। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में लगभग छह राउंड फायर किए। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।
तीन जिलों में दर्ज हैं गंभीर आपराधिक मामले
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, कल्ली गुर्जर के खिलाफ मुरैना, ग्वालियर और श्योपुर जिलों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, अपहरण और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। आरोप है कि वह सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर आम लोगों और कारोबारियों को धमकियां भी देता था। फिलहाल पुलिस की निगरानी में अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
फरार साथियों की तलाश में पुलिस की दबिश
मुठभेड़ के दौरान कल्ली गुर्जर के कुछ साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों के मुताबिक, घायल बदमाश से पूछताछ के बाद उसके आपराधिक नेटवर्क, हथियारों के स्रोत और अन्य वारदातों से जुड़ी जानकारी मिल सकती है।
मुख्यमंत्री के दौरे से पहले हुई कार्रवाई
मुरैना में मुख्यमंत्री का दौरा प्रस्तावित है। इससे पहले हुई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस के सामने अब फरार साथियों को पकड़ने और बदमाश से जुड़े अन्य मामलों की जांच पूरी करने की चुनौती है।

