हिमाचल में बड़ा सड़क हादसा: स्कूली बच्चों से भरा टेंपो ट्रैवलर खाई में गिरा, शिक्षक समेत 7 बच्चे घायल
हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में गर्ग एंड गर्ग प्लांट के समीप स्कूली बच्चों से भरा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में एक शिक्षक समेत 7 बच्चे घायल हो गए।
Himachal Pradesh Accident : हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गर्ग एंड गर्ग प्लांट के समीप स्कूली बच्चों से भरा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में एक शिक्षक समेत 7 बच्चे घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई।
इंदौर के 11 बच्चे सड़क हादसे का शिकार... हिमाचल में खाई में गिरा वाहन, शिक्षक सहित 7 विद्यार्थी घायल https://t.co/5HsEkw92rp
— NaiDunia (@Nai_Dunia) November 2, 2026
जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर मनाली से रोहतांग दर्रा होते हुए कोकसर से अटल टनल की ओर जा रहा था। वाहन में मध्य प्रदेश के इंदौर से घूमने आए 11 स्कूली बच्चे, एक शिक्षक और चालक सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर वाहन सड़क से नीचे दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिला।
मनाली और सिस्सू अस्पताल में घायलों का इलाज
दुर्घटना में घायल बच्चों और शिक्षक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ घायलों को मनाली अस्पताल, जबकि अन्य को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) सिस्सू में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में सभी घायलों का उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार, घायलों के मेडिकल लीगल सर्टिफिकेट (MLC) प्राप्त कर लिए गए हैं। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

