चांदी के भाव में बड़ी गिरावट, एक घंटे में 21 हजार रुपए गिरी कीमतें
घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में रिकॉर्ड स्तर छूने के बाद चांदी की कीमतों में सोमवार को जोरदार उतार-चढ़ाव देखने को मिला।
नई दिल्ली: सराफा बाजार में सोमवार को जो कुछ हुआ, उसने निवेशकों की धड़कनें तेज कर दीं। चांदी की कीमतों में ऐसा उतार-चढ़ाव देखने को मिला, जो हाल के वर्षों में शायद ही कभी देखा गया हो। सुबह कारोबार के दौरान चांदी ने इतिहास रचते हुए 2.54 लाख रुपये प्रति किलो का रिकॉर्ड स्तर छू लिया, लेकिन इसके बाद महज एक घंटे के भीतर इसमें करीब 21,500 रुपये प्रति किलो की जोरदार गिरावट दर्ज की गई।
सोमवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी का मार्च वायदा भाव जब 2,54,174 रुपये पर पहुंचा, तो बाजार में जश्न का माहौल था। ऐसा लग रहा था कि साल 2025 का अंत चांदी के रिकॉर्ड के साथ होगा। लेकिन कहते हैं न कि ऊंचाई पर हवा तेज होती है, ठीक वैसा ही हुआ। अचानक मुनाफावसूली की ऐसी आंधी चली कि भाव धड़ाम से गिरकर 2,32,663 रुपये पर आ गए। शुरुआती कारोबार में चांदी 2,54,174 रुपये प्रति किलो के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई थी, लेकिन इसके बाद महज एक घंटे के भीतर इसमें करीब 21,000 रुपये प्रति किलो की भारी गिरावट आ गई।
दोपहर के कारोबार के दौरान चांदी फिसलकर 2,33,120 रुपये प्रति किलो के निचले स्तर तक आ गई। 2:47 बजे MCX पर यह 2,33,900 रुपये प्रति किलो के आसपास ट्रेड करती नजर आई। चांदी की यह गिरावट सिर्फ घरेलू बाजार तक सीमित नहीं रही। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सोमवार को चांदी पहली बार 82 डॉलर प्रति औंस के पार पहुंची, लेकिन बाद में मुनाफावसूली और भू-राजनीतिक घटनाक्रम के चलते यह 75 डॉलर प्रति औंस से नीचे फिसल गई।
विशेषज्ञों के मुताबिक अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के बीच युद्ध समाप्ति को लेकर शांति समझौते की उम्मीदों ने बाजार की धारणा को प्रभावित किया। ट्रंप के बयान के बाद निवेशकों को राहत मिली, जिससे सुरक्षित निवेश मानी जाने वाली धातुओं की मांग में कमी आई।
MCX पर ऐसा रहा कारोबार
MCX पर 5 मार्च डिलीवरी वाली चांदी पिछले सत्र में 2,39,787 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। सोमवार को यह 2,47,194 रुपये पर खुली और शुरुआती कारोबार में 2,54,174 रुपये तक पहुंच गई। हालांकि इसके बाद इसमें तेज गिरावट आई और एक समय भाव 2,32,663 रुपये तक फिसल गए।
इस साल चांदी का शानदार प्रदर्शन
हाल के दिनों में चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखी गई है। इस साल अब तक चांदी करीब 181% का रिटर्न दे चुकी है, जो सोने से भी बेहतर प्रदर्शन है। इसकी प्रमुख वजहों में अमेरिका द्वारा चांदी को महत्वपूर्ण खनिज घोषित करना, वैश्विक स्तर पर आपूर्ति में कमी, कम स्टॉक और औद्योगिक व निवेश मांग में बढ़ोतरी शामिल है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि इतनी तेज बढ़त के बाद कीमतों में मुनाफावसूली के चलते आगे भी उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
pushpendra 
