CG Crime News : गर्लफ्रेंड पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, महिला की हालत गंभीर; आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
CG Crime News : महिला का इलाज रायपुर की मेकाहारा अस्पताल में किया जा रहा है। डॉक्टर्स ने महिला की हालात गंभीर बताई है।
CG Crime News : छत्तीसगढ़। रायपुर में रविवार रात एक महिला को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने सड़क पर अपनी कथित गर्लफ्रेंड राजकुमारी साहू पर पेट्रोल उड़ेला और आग लगा दी। आग की लपटों से घिरी महिला ने मदद के लिए शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। इसके बाद महिला को गंभीर हालत में मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया। उसके शरीर के कई हिस्से झुलस गए हैं और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
आरोपी वारदात के बाद फरार
पीड़िता राजकुमारी साहू आरंग की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, उसका वीरू धीवर के साथ प्रेम संबंध था। राजकुमारी शादी के बाद अपने ससुराल पक्ष से अलग रह रही थी। रविवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ।
इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर पेट्रोल डालकर उसे आग लगा दी। वारदात के बाद वीरू मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज से सुराग तलाश रही पुलिस
पुलिस की टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के समय वहां कौन-कौन मौजूद था और वारदात के बाद आरोपी किस रास्ते से फरार हुआ। पुलिस ने पीड़िता के बयान और अब तक सामने आए तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई है।
पहले भी दर्ज हुआ था हत्या के प्रयास का केस
ASP अभिषेक झा के मुताबिक, वीरू धीवर और राजकुमारी साहू के बीच 2021 से पहले से संबंध होने की जानकारी सामने आई है। इसी साल आरंग थाने में एक मामला दर्ज हुआ था। आरोप है कि वीरू ने राजकुमारी के ससुर पर फावड़े से हमला किया था।
इस मामले में धारा 307 के तहत केस दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, इस घटना के बाद पति-पत्नी अलग रहने लगे थे। इसके बावजूद वीरू और राजकुमारी के बीच संपर्क बना रहा। फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।

