Gwalior Short Encounter : डिलीवरी बॉय मर्डर के मुख्य आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर, पैर में गोली; दूसरा गिरफ्तार
Gwalior Short Encounter : डिलीवरी बॉय विवेक मीणा की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सौरभ यादव और राहुल किरार को गिरफ्तार कर लिया गया। तीसरा आरोपी लाला अग्रवाल फरार है।
Gwalior Short Encounter : मध्य प्रदेश। ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के आनंद नगर में डिलीवरी बॉय विवेक मीणा की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार तड़के बड़ी कार्रवाई की। शंकरपुर स्टेडियम के पास पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी सौरभ यादव के पैर में गोली लगी। उसके साथी राहुल किरार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं वारदात में शामिल तीसरा आरोपी लाला अग्रवाल अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें इलाके में लगातार सर्चिंग कर रही हैं।
शहर से बाहर निकलने की तैयारी में थे आरोपी
पुलिस को सूचना मिली थी कि विवेक मीणा हत्याकांड में शामिल तीनों आरोपी शहर से बाहर भागने की कोशिश कर रहे हैं। बताया गया कि तीनों बाइक से तिघरा की तरफ से पुरानी छावनी होते हुए शहर की सीमा पार करने की तैयारी में थे।
पुलिस को आशंका थी कि आरोपी धौलपुर या आगरा की ओर निकल सकते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने शंकरपुर स्टेडियम के आसपास घेराबंदी कर दी और संदिग्ध बाइक सवारों का इंतजार करने लगी।

रोकने पर फायरिंग का पुलिस का दावा
पुलिस के अनुसार, तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच बाइक सवार संदिग्ध नजर आए। पुलिस टीम ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की। आरोप है कि इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की।
पुलिस के मुताबिक, टीम की ओर से करीब 4 से 5 राउंड फायर किए गए। इस दौरान एक गोली मुख्य आरोपी सौरभ यादव के घुटने के नीचे पैर में लगी। वह घायल होकर जमीन पर गिर गया और पुलिस ने उसे पकड़ लिया। राहुल किरार को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल सौरभ का अस्पताल में इलाज जारी
गोली लगने के बाद पुलिस ने सौरभ यादव को तत्काल जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। वहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
दूसरी ओर फरार आरोपी लाला अग्रवाल को पकड़ने के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें लगाई हैं। टीमें संभावित ठिकानों के साथ आसपास के जंगल और दूसरे इलाकों में भी तलाश कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द पकड़ने के लिए लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

मोमोज के पैसे को लेकर शुरू हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, विवेक मीणा जनकगंज का रहने वाला था और ऑनलाइन डिलीवरी बॉय के तौर पर काम करता था। 27 अगस्त की रात वह बहोड़ापुर के आनंद नगर में डिलीवरी देने के बाद वहां मोमोज खाने के लिए रुका था। इसी दौरान बाइक से सौरभ यादव, राहुल किरार और लाला अग्रवाल वहां पहुंचे।
मोमोज के पैसे को लेकर तीनों का ठेला संचालक से विवाद हो गया। विवेक ने बीच-बचाव करते हुए उन्हें समझाने की कोशिश की। आरोप है कि इससे सौरभ यादव नाराज हो गया और उसने विवेक के सिर में गोली मार दी। इसके बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
51 सेकंड के CCTV में कैद हुई वारदात
विवेक मीणा की हत्या के बाद घटना का 51 सेकंड लंबा CCTV फुटेज भी सामने आया था। बताया गया कि फुटेज में पूरी वारदात रिकॉर्ड हुई थी। CCTV सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी थी।
मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस पर लगातार दबाव भी था। अब मुख्य आरोपी के घायल होने और दो आरोपियों के पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद जांच में आगे की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है।

तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस की कॉम्बिंग
पुलिस की कार्रवाई के बाद अब जांच का मुख्य फोकस फरार आरोपी लाला अग्रवाल की गिरफ्तारी पर है। पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। आसपास के इलाकों और जंगलों में भी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फरार आरोपी किस रास्ते से भागा और उसे किसने मदद पहुंचाई। साथ ही गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर हत्या से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
CSP ने मुठभेड़ को लेकर दी जानकारी
ग्वालियर CSP कृष्णपाल सिंह के अनुसार, आरोपियों की घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की गई थी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी सौरभ यादव घायल हुआ और राहुल किरार को गिरफ्तार कर लिया गया।
तीसरा आरोपी लाला अग्रवाल मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। मामले में आगे की जांच और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा होने की उम्मीद है।


