Rewa में कांग्रेस पर वाटर कैनन : विक्रांत भूरिया गिरफ्तार, भूख हड़ताल के 9वें दिन कल्पना के पिता की बिगड़ी तबियत
Water Cannons against Congress : रीवा में कल्पना मिश्रा की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर कांग्रेस के प्रदर्शन पर पुलिस ने वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। विक्रांत भूरिया समेत कई नेता गिरफ्तार हुए।
Water Cannons against Congress : रीवा। कल्पना मिश्रा की मौत के मामले में न्याय और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग को लेकर रीवा में कांग्रेस का प्रदर्शन गुरुवार को उग्र हो गया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया समेत कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस भी छोड़ी।

विक्रांत भूरिया, कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा और बड़ी संख्या में समर्थक कल्पना मिश्रा के पिता से मिलने जा रहे थे। कल्पना के पिता पिछले 9 दिनों से बेटी की मौत के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर सिरमौर चौराहे पर भूख हड़ताल पर बैठे हैं। पुलिस ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को रास्ते में रोक दिया। इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
Day- 5 , न्याय सत्याग्रह
— Dr.Vikrant Bhuria (@VikrantBhuria) September 10, 2026
हम सड़क पर भी सत्याग्रह करेंगे और जेलों में भी सत्याग्रह करेंगे, जो भी हो न्याय मिलने तक राजेंद्र शुक्ला के इस्तीफे तक लड़ते रहेंगे। pic.twitter.com/cK0dse7a1q
वाटर कैनन के बाद कई नेता गिरफ्तार
प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन चलाया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बाद पुलिस ने विक्रांत भूरिया समेत कई कांग्रेस नेताओं और विधायकों को हिरासत में लिया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी गिरफ्तारी दी।
कार्रवाई के बाद विक्रांत भूरिया ने मीडिया से बात करते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अब इस्तीफा रीवा से नहीं, बल्कि भोपाल से मांगा जाएगा।
9 दिन से भूख हड़ताल पर कल्पना के पिता
दरअसल, कल्पना मिश्रा की मौत के मामले में उनके पिता पिछले 9 दिनों से सिरमौर चौराहे पर भूख हड़ताल कर रहे हैं। परिवार की ओर से इलाज और अस्पताल की व्यवस्थाओं में कथित लापरवाही के साथ-साथ मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है।
लगातार भूख हड़ताल के कारण गुरुवार को कल्पना के पिता की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों के मुताबिक कमजोरी इतनी बढ़ गई है कि अब वे ठीक से बैठ भी नहीं पा रहे हैं और लेटकर अनशन कर रहे हैं। परिवार का कहना है कि जब तक कल्पना को न्याय नहीं मिलता और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
जीतू पटवारी भी रीवा पहुंचे
इसी मामले को लेकर कांग्रेस का आंदोलन लगातार जारी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी भी गुरुवार को रीवा पहुंचे और अग्रसेन चौराहे पर चल रहे कांग्रेस के धरने में शामिल हुए।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कल्पना मिश्रा मामले में कार्रवाई और रीवा की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, पुलिस कार्रवाई के बाद रीवा में कांग्रेस और प्रशासन के बीच टकराव का मुद्दा भी गरमा गया है।

