Korba Minor Girl Murder : 7 साल की लापता बच्ची का झाड़ियों में मिला शव, रेप के बाद मर्डर की आशंका

Korba Missing Girl Case : छत्तीसगढ़ के कोरबा में तीन दिन से लापता 7 साल की बच्ची का शव मिला। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

Korba Minor Girl Murder : 7 साल की लापता बच्ची का झाड़ियों में मिला शव, रेप के बाद मर्डर की आशंका

Korba Minor Girl Murder : कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तीन दिन से लापता 7 साल की बच्ची का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। गुरुवार को बच्ची का शव रजगामार चौकी क्षेत्र में करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में मिला। बच्ची 19 अक्टूबर को घर के पास स्थित राशन दुकान से सामान लेने निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बच्ची की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।

राशन दुकान जाने के बाद लापता हुई बच्ची

जानकारी के अनुसार, बच्ची का परिवार मूल रूप से सक्ती जिले का रहने वाला है। परिवार करीब चार महीने पहले रोजी-रोटी की तलाश में अपने चार बच्चों के साथ रजगामार आया था। यहां परिवार करीम पोल्ट्री फार्म में काम करता था और वहीं रहकर गुजर-बसर कर रहा था।

19 अक्टूबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे बच्ची के पिता ने उसे घर के पास की राशन दुकान से घरेलू सामान लाने के लिए भेजा था। काफी देर तक बच्ची के वापस नहीं आने पर परिजनों ने आसपास उसकी तलाश की। कोई जानकारी नहीं मिलने पर उन्होंने रजगामार चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

CCTV फुटेज- डॉग स्क्वायड की मदद से तलाश

बच्ची के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई। बच्ची का पता लगाने के लिए डॉग स्क्वायड की मदद भी ली गई। हालांकि, शुरुआती दो दिनों तक उसका कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार को पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में बच्ची का शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।

दुष्कर्म की आशंका, PM का इंतजार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बच्ची का शव अर्धनग्न अवस्था में मिला था। इस वजह से यौन अपराध की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ था या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही चल सकेगा।

एक संदिग्ध हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ

सीएसपी कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी दे सकती है। बच्ची के पिता ने बताया कि उनका परिवार काम की तलाश में दूसरे जिले से यहां आया था और उनकी किसी से दुश्मनी नहीं थी। बेटी के साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।

ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, सख्त कार्रवाई की मांग

बच्ची का शव मिलने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति को कठोर सजा देने की मांग उठाई।

पुलिस ने लोगों से जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सहित सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।