स्कूलों में शिक्षा की खुली पोल: बिना सूचना गायब मिले शिक्षक, DEO ने 3 दिन का वेतन काटने के दिए निर्देश

सिंगरौली में DEO कविता त्रिपाठी का औचक निरीक्षण, कहीं ABCD नहीं पढ़ पाए बच्चे तो कहीं गायब मिले शिक्षक

स्कूलों में शिक्षा की खुली पोल: बिना सूचना गायब मिले शिक्षक, DEO ने 3 दिन का वेतन काटने के दिए निर्देश

सिंगरौली। जिला शिक्षा अधिकारी कविता त्रिपाठी ने वैढ़न ब्लॉक के आधा दर्जन से अधिक स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कहीं बच्चों का शैक्षणिक स्तर कमजोर मिला, तो कहीं शिक्षक बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। अनियमितताओं पर नाराजगी जताते हुए DEO ने संबंधित शिक्षकों का वेतन काटने और स्कूलों में व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए।

बच्चे नहीं पढ़ पाए ABCD और पहाड़े

निरीक्षण के दौरान प्राथमिक शाला घुम्माडांड में सभी शिक्षक उपस्थित मिले, लेकिन बच्चों से वर्णमाला, गिनती और हिंदी की किताब पढ़वाने पर उनका प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा। बच्चे अंग्रेजी में ABCD तक नहीं पढ़ पाए। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों को अंग्रेजी विषय पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

वहीं, माध्यमिक शाला माड़ा में प्रार्थना के दौरान साउंड सिस्टम की व्यवस्था नहीं होने और अव्यवस्थाओं पर प्रभारी प्राचार्य को फटकार लगाई गई। निरीक्षण में अतिथि शिक्षक श्याम सुंदर शाह, आर.के. केवट और अनिल शाह अनुपस्थित मिले। इनका मानदेय काटने के आदेश दिए गए।

अनुपस्थित शिक्षकों का वेतन काटने के निर्देश

माध्यमिक शाला कोयलखूथ में प्रभारी प्राचार्य किरण साकेत सहित करीब आधा दर्जन शिक्षक बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इस पर DEO ने संबंधित शिक्षकों का तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान रजमिलान सहित अन्य विद्यालयों की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।

दैनंदिनी अधूरी मिलने पर जताई नाराजगी

कई विद्यालयों में शिक्षकों की दैनंदिनी अधूरी मिली। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए प्रतिदिन दैनंदिनी लिखने के निर्देश दिए। निरीक्षण में हाई स्कूल के विद्यार्थियों के एक से 20 तक पहाड़े और अंग्रेजी की ABCD नहीं पढ़ पाने की बात भी सामने आई, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हुए।

DEO कविता त्रिपाठी ने सभी संस्था प्रमुखों को समय पर स्कूल पहुंचने, नियमित शिक्षण कार्य करने और विद्यार्थियों की पढ़ाई का स्तर सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगली बार ऐसी लापरवाही मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।