सुनेत्रा पवार का राजतिलक: अजित पवार के निधन के चौथे दिन ली शपथ, महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनीं 

अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। पीएम मोदी ने भी दी बधाई।

सुनेत्रा पवार का राजतिलक: अजित पवार के निधन के चौथे दिन ली शपथ, महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनीं 

मुंबई। अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बन गईं हैं। अजित पवार के निधन के चौथे दिन उनका राजतिलक हुआ है। सुनेत्रा पवार ने 31 जनवरी शनिवार को राज्य के उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली है। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने लोकभवन में सुनेत्रा को शपथ दिलाई है। 

महाराष्ट्र के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को मुंबई लोक भवन में गवर्नर आचार्य देवव्रत ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह लोकभवन में करीब 12 मिनट तक चला, जिसमें मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समेत एनसीपी और बीजेपी के सभी वरिष्ठ नेता और मंत्री मौजूद रहे। लेकिन, शरद पवार इस समारोह में नहीं पहुंचे।

इससे पहले दिन में दोपहर 2 बजे NCP विधायक दल और विधान परिषद सदस्यों की विधान भवन में बैठक बुलाई गई थी। जिसमें सुनेत्रा को पार्टी दल का नेता चुना गया था। मीटिंग के दौरान मौजूद सुनील तटकरे, NCP के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल समेत बाकी नेता मौजूद थे। सुनेत्रा पवार ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद आधिकारिक आवास देवगिरी बंगले में अपने दिवंगत पति अजित पवार की तस्वीर पर श्रद्धांजलि अर्पित की थी।

बता दें, अजित पवार की 28 जनवरी को बारामती में प्लेन क्रैश में मौत के बाद डिप्टी CM पद खाली हो गया था। डिप्टी CM की शपथ से पहले सुनेत्रा ने राज्यसभा के सांसद पद से इस्तीफा दे दिया है। वह अब ​अजित पवार के निधन के बाद खाली हुई बारामती सीट से उपचुनाव भी लड़ेंगी। सूत्रों के मुताबिक एनसीपी उनकी जगह उनके बड़े बेटे पार्थ पवार को राज्यसभा भेजेगी। 

PM मोदी ने सुनेत्रा पवार को डिप्टी CM बनने पर दी बधाई 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी और सोशल मीडिया X पर पोस्ट किया।