पैरामेडिकल कॉलेजों में 15 नवंबर से पहले पूरे होंगे एडमिशन: डिप्टी CM ने दिए निर्देश, पुराने 5 मेडिकल कॉलेजों में बनेंगे कैंसर उपचार के विभाग

मध्यप्रदेश के 5 मेडिकल कॉलेजों में मेडिकल-सर्जिकल ऑनकोलॉजी विभाग बनेंगे: विशेषज्ञ डॉक्टरों की होगी भर्ती, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने अस्पताल प्रबंधकों की काउंसलिंग और  आशा कार्यकर्ताओं की भर्ती प्रक्रिया समय-सीमा में पूरे करने के दिए निर्देश

पैरामेडिकल कॉलेजों में 15 नवंबर से पहले पूरे होंगे एडमिशन: डिप्टी CM ने दिए निर्देश, पुराने 5 मेडिकल कॉलेजों में बनेंगे कैंसर उपचार के विभाग

भोपाल, 3 नवंबर 2026। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार, स्वास्थ्य संस्थानों में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता, मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं के विकास, मानव संसाधन की पूर्ति और विभागीय भर्ती सहित प्रवेश प्रक्रियाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उप मुख्यमंत्री ने सभी महत्वपूर्ण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे करने और लंबित प्रक्रियाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।

15 नवंबर से पहले पूरी होगी प्रवेश प्रक्रिया

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने प्रदेश में संचालित पैरामेडिकल महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्रवेश से संबंधित सभी कार्यवाही 15 नवंबर 2026 से पहले पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि प्रवेश प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए, ताकि शैक्षणिक गतिविधियां समय पर शुरू हो सकें और विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके।

पुराने मेडिकल कॉलेजों में कैंसर उपचार के विभाग

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने प्रदेश के पुराने 5 मेडिकल कॉलेजों में मेडिकल ऑनकोलॉजी और सर्जिकल ऑनकोलॉजी विभाग विकसित करने की कार्यवाही प्राथमिकता से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कैंसर रोगियों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में इन विभागों का विकास महत्वपूर्ण है।

इसके लिए आवश्यक चिकित्सा उपकरणों, विशेषज्ञ मानव संसाधन और अन्य बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। संबंधित अधिकारियों को उपकरणों की आवश्यकता, उपलब्धता और मानव संसाधन की पूर्ति से जुड़ी कार्यवाही प्राथमिकता से पूरी करने के निर्देश दिए गए, ताकि इन विभागों का संचालन समय पर शुरू हो सके।

विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति के लिए विज्ञापन

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की विभागीय स्तर पर नियुक्ति के लिए आवश्यक विज्ञापन जल्द जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और चिकित्सा संस्थानों की कार्यक्षमता के लिए महत्वपूर्ण है। नियुक्ति प्रक्रिया के तहत चयन, साक्षात्कार सहित अन्य आवश्यक कार्यवाही समय-सीमा में पूरी की जाए, ताकि रिक्त पदों को जल्द भरा जा सके।

अस्पताल प्रबंधकों की काउंसलिंग-आशा कार्यकर्ताओं की भर्ती

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने अस्पताल प्रबंधकों की काउंसलिंग प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए इसे निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आशा कार्यकर्ताओं की भर्ती प्रक्रिया भी जल्द पूरी करने को कहा, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं के मैदानी स्तर पर आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध हो सके।

ग्वालियर मेडिकल कॉलेज में बनेंगे नए विभाग

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने ग्वालियर मेडिकल कॉलेज में सीटीवीएस (कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी), इम्यूनोहेमेटोलॉजी और ब्लड ट्रांसफ्यूजन विभाग के सृजन की कार्यवाही जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने इन विभागों के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक पदों के सृजन और स्वीकृति की प्रक्रिया भी समय-सीमा में पूरी करने को कहा। साथ ही संबंधित विभागीय और प्रशासनिक औपचारिकताओं को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।

इस बैठक में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की अपर मुख्य सचिव रश्मि अरुण शमी, आयुक्त धनराजू एस. सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।