महिला उद्यमियों को मिला बड़ा मंच: डिप्टी CM राजेंद्र शुक्ल ने किया तीन दिवसीय रीवा हाट का शुभारंभ
उप मुख्यमंत्री ने गिनाईं विकास की योजनाएं: रीवा में बनेगा 10 मंजिला IT पार्क, एक हजार युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर, भौतिक विकास और महिला सशक्तिकरण से देश के टॉप-5 विकसित शहरों में शुमार होगा रीवा
रीवा। महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने और उनके स्वदेशी उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शहर के कृष्णा राज कपूर ऑडिटोरियम में तीन दिवसीय रीवा हाट के तीसरे सीजन का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने किया। इस आयोजन में रीवा के अलावा भोपाल, इंदौर, आगरा और प्रयागराज सहित अन्य शहरों से आईं महिला उद्यमियों ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं। मेले में विशेष फूड जोन और ओपन स्टेज भी तैयार किया गया है, जहां प्रतिभागियों को अपनी कला और प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर महिला उद्यमियों के प्रयासों की सराहना की।

महिला उद्यमियों को मार्केट और बेहतर प्लेटफॉर्म देने पर जोर
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि रीवा हाट इस बात का प्रमाण है कि शहर की महिलाएं आत्मनिर्भर बनने के साथ अपने व्यवसाय की जिम्मेदारी भी संभाल रही हैं। महिलाओं को सही प्लेटफॉर्म, पहचान और बाजार उपलब्ध कराया जाए तो उनका आत्मविश्वास बढ़ने के साथ कारोबार का भी विस्तार होगा। घरों में तैयार किए जा रहे बेहतरीन उत्पादों की मार्केटिंग के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि रीवा में भौतिक विकास के साथ महिला सशक्तिकरण को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। आने वाले समय में रीवा देश के सबसे विकसित शहरों के टॉप-5 में शामिल होगा।

रिंग रोड और सिंचाई परियोजनाओं से विकास को मिलेगी रफ्तार
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। शहर में बाईपास निर्माण का दूसरा चरण शुरू होने जा रहा है। आने वाले समय में रीवा मध्य प्रदेश का ऐसा पहला संभागीय मुख्यालय होगा, जहां फोरलेन और एटलेन रिंग रोड तैयार होने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में लगभग 3 लाख एकड़ भूमि तक सिंचाई का पानी पहुंच रहा है। अगले एक से दो वर्षों में यह क्षेत्र बढ़कर 6 लाख से 9 लाख एकड़ तक पहुंचने का लक्ष्य है। इससे कृषि उत्पादन और किसानों की आय में वृद्धि होगी। बाजार में खरीद-बिक्री बढ़ने के साथ मैन्युफैक्चरिंग और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

10 मंजिला आईटी पार्क से स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार
डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि रीवा में बन रहे 10 मंजिला आईटी पार्क को लेकर बड़ी आईटी कंपनियां अभी से बुकिंग के लिए पूछताछ कर रही हैं। इससे बेंगलुरु, हैदराबाद और पुणे जैसे शहरों में नौकरी करने जाने वाले स्थानीय युवाओं को अपने ही शहर में रोजगार के अवसर मिल सकेंगे। उन्होंने बताया कि इस परियोजना से लगभग एक हजार युवाओं को रीवा में रोजगार उपलब्ध कराने की संभावनाएं हैं। इसके साथ ही रेलवे कनेक्टिविटी के विस्तार से विंध्य क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी और आसपास के क्षेत्रों में उद्योगों के लिए नए अवसर तैयार होंगे।
विकास के साथ नशे के खिलाफ भी सामूहिक प्रयास जरूरी
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा को विकसित शहर बनाने के लिए भौतिक विकास के साथ सामाजिक चुनौतियों पर भी ध्यान देना जरूरी है। नशे जैसी सामाजिक बुराइयों को दूर करने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ समाज और युवाओं को भी आगे आना होगा। सामूहिक प्रयासों से ही रीवा को एक आदर्श, सुरक्षित और प्रगतिशील शहर बनाया जा सकता है।
Varsha Shrivastava 
