''चाचा विधायक हैं हमारे'' मैहर टोल पर विधायक के भतीजे की गुंडागर्दी, कर्मचारी को पीटा

मैहर शारदा देवी धाम के टोल बैरियर पर टोल न देने को लेकर विवाद हुआ। विधायक के भतीजे पर कर्मचारी से मारपीट का आरोप है, वीडियो वायरल हुआ है।

''चाचा विधायक हैं हमारे'' मैहर टोल पर विधायक के भतीजे की गुंडागर्दी, कर्मचारी को पीटा

मैहर के माँ शारदा देवी धाम के पास बने टोल बैरियर पर मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

टोल मांगने पर हुआ विवाद 

जानकारी के मुताबिक, टोल पर तैनात कर्मचारी अपनी ड्यूटी कर रहा था और नियम के मुताबिक सभी वाहनों से टोल ले रहा था। इसी दौरान मैहर के भाजपा विधायक का भतीजा विपुल चतुर्वेदी अपनी कार से वहां पहुंचा। कर्मचारी ने उससे टोल देने को कहा, लेकिन उसने टोल देने से मना कर दिया।

बताया जा रहा है कि उसने खुद को विधायक का रिश्तेदार बताते हुए बैरियर खोलने को कहा। जब कर्मचारी नहीं माना, तो बात बढ़ गई। आरोप है कि इसके बाद विपुल चतुर्वेदी अपने साथियों दिनेश मौर्य, उत्तम पांडेय और रचित तिवारी के साथ मिलकर कर्मचारी से गाली-गलौज करने लगा और फिर उसकी पिटाई कर दी।

CCTV में कैद हुई घटना 

यह पूरी घटना टोल पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कर्मचारी के साथ खुलेआम मारपीट की जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी है।

फिलहाल इस मामले में थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है, लेकिन वीडियो के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। लोगों की मांग है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।