रीवा में रक्षा बंधन से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा, तीन क्विंटल नकली मावा जब्त

रक्षा बंधन को देखते हुए रीवा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। मानिकपुर (उप्र) से रीवा लाया जा रहा 3 क्विंटल संदिग्ध मावा जब्त किया गया। गंगेव की एक मिठाई दुकान से मिलावटी मिठाई मिलने पर संपूर्ण स्टॉक नष्ट करवाया गया।

रीवा में रक्षा बंधन से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा, तीन क्विंटल नकली मावा जब्त

रीवा। रक्षा बंधन त्योहार को देखते हुए रीवा में मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों की संभावित खपत को रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों से दूध, मावा, पनीर, दही और मिठाइयों के सैंपल एकत्र किए गए। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित दुकानों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

त्योहारी सीज़न में नकली मावा और मिठाईयों की आपूर्ति में बढ़ोतरी होती है। इसे ध्यान में रखते हुए कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में मानिकपुर, उत्तर प्रदेश से रीवा भेजे जा रहे तीन क्विंटल संदेहास्पद मावे को जब्त किया गया। यह मावा मातादीन नामक व्यापारी का बताया गया है, जो चित्रकूट जिले के मानिकपुर का निवासी है।

गंगेव स्थित संध्या स्वीट्स से संदेहास्पद मिल्क केक और बर्फी पाए जाने पर, दुकान में मौजूद सभी मिठाइयों को नष्ट करवाया गया।

स्वच्छता पर भी सख्ती

निरीक्षण के दौरान कई दुकानों पर गंदगी और स्वच्छता की कमी पाई गई। इस पर खाद्य अधिकारियों ने संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे साफ-सफाई बनाए रखें, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।

खुद करें मावे की मिलावट की जांच

खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम उपभोक्ताओं को भी जागरूक करते हुए बताया है कि बाजार से खरीदे गए मावे की गुणवत्ता टिंचर आयोडीन से जांची जा सकती है। यदि मावे में टिंचर डालने पर वह काला हो जाए, तो उसमें स्टार्च, मैदा, आलू या आरारोट की मिलावट होने की आशंका होती है।

विशेष अभियान जारी रहेगा
कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश पर खाद्य विभाग का यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिले भर में मिठाई दुकानों, डेयरियों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर नियमित रूप से निरीक्षण कर मिलावटी खाद्य सामग्री पर नियंत्रण की कोशिश की जाएगी।