पाकिस्तान: शिया मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान ब्लास्ट, 31 की मौत, करीब 170 घायल

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार को एक बड़ा आत्मघाती हमला हुआ। इस आत्मघाती हमले में अब तक 31 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 169 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

पाकिस्तान: शिया मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान ब्लास्ट, 31 की मौत, करीब 170 घायल

इस्लामाबाद: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार को एक बड़ा आत्मघाती हमला हुआ। इस आत्मघाती हमले में अब तक 31 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 169 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। शहजाद टाउन इलाके में स्थित इमाम बारगाह खदीजत-उल-कुबरा में जुमे की नमाज़ के दौरान आत्मघाती हमला हुआ है।

पाकिस्तान की मीडिया के मुताबिक, आत्मघाती हमलावर मस्जिद के अंदर दाखिल हुआ और मुख्य गेट के पास खुद को बम से उड़ा लिया। धमाका इतना जबरदस्त था कि मस्जिद के अंदर अफरातफरी मच गई। कई लोग खून से लथपथ हालत में ज़मीन पर पड़े मिले।

शिया समुदाय को बनाया निशाना

प्राथमिक जानकारी के अनुसार यह हमला शिया समुदाय को निशाना बनाकर किया गया है। विस्फोट के बाद मस्जिद के अंदर का मंजर बेहद भयावह था। रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकालने में जुटी रहीं। हमले के बाद इस्लामाबाद के प्रमुख अस्पतालों- पॉलीक्लिनिक अस्पताल, पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज और CDA अस्पताल में आपातकाल घोषित कर दिया गया है।

इस घटना के बाद इमाम बारगाह और आसपास के इलाकों को सील कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां हर आने-जाने वाले पर कड़ी नजर रख रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुरक्षा कारणों से पूरे शहर में हाई अलर्ट कर दिया गया है।

पहले भी हो चुके हैं आत्मघाती हमल

गौरतलब है कि इससे पहले 11 नवंबर 2025 को इस्लामाबाद में जिला एवं सत्र न्यायालय भवन के बाहर हुए आत्मघाती विस्फोट में 12 लोगों की मौत और 30 से अधिक लोग घायल हुए थे।