Raipur Diwali Flower Market : दिवाली के लिए पहुंचा 1500 क्विंटल फूल, 500 रुपए किलो बिक रहा गुलाब; गेंदे की सबसे ज्यादा मांग
Raipur Diwali Flower Market : दिवाली पर रायपुर के फूल चौक में 1500 क्विंटल फूल पहुंचे। गेंदे की सबसे ज्यादा मांग है। गुलाब 500 और सेवंती 800 रुपए किलो तक बिक रही है।
Raipur Diwali Flower Market : रायपुर। दिवाली के त्योहार पर घरों और मंदिरों की सजावट के लिए फूलों की मांग बढ़ गई है। राजधानी रायपुर के फूल चौक में इस बार करीब 1500 क्विंटल फूलों की बड़ी खेप पहुंची है। फूलों को 18 ट्रकों के जरिए बाजार में लाया गया है। इनमें 15 ट्रक गेंदे के फूल हैं, जबकि तीन ट्रकों में गुलाब, सेवंती और दूसरी किस्मों के फूल शामिल हैं। बाजार में सबसे ज्यादा मांग गेंदे की है। इसके बाद कमल के फूल खरीदे जा रहे हैं। ज्यादातर फूल कोलकाता और बेंगलुरु से मंगाए गए हैं।
15 ट्रक गेंदे के फूलों की खेप पहुंची
फूल चौक के विक्रेता प्रदीप चौहान के मुताबिक, इस बार दिवाली पर अच्छी बिक्री की उम्मीद है। इसी को देखते हुए बड़ी मात्रा में फूल मंगाए गए हैं। गेंदे के फूलों की मांग सबसे ज्यादा है। वहीं गुलाब और सेवंती की भी अच्छी बिक्री हो रही है। कमल के फूल छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों से बाजार पहुंच रहे हैं। सुबह से ही फूल चौक में ग्राहकों की भीड़ लग रही है। लोग घरों के दरवाजे, आंगन और पूजा स्थल सजाने के लिए फूल खरीद रहे हैं।
रातभर जागकर तैयार की जा रही मालाएं
दिवाली के दौरान फूलों की मांग इतनी बढ़ जाती है कि दुकानदारों को रातभर काम करना पड़ता है। फूल विक्रेता मूलचंद साहू बताते हैं कि दूसरे शहरों से फूल आने के बाद उनकी छंटाई की जाती है। इसके बाद गेंदे की लड़ियां और मालाएं तैयार की जाती हैं। ग्राहकों की मांग के अनुसार अलग-अलग आकार की मालाएं बनाई जाती हैं। त्योहार के समय पूरी रात काम करना पड़ता है, ताकि सुबह से आने वाले ग्राहकों को समय पर फूल मिल सकें।
गुलाब 500 और सेवंती 800 रुपए किलो तक
फूल चौक में इस बार फूलों के अलग-अलग भाव हैं। पीले गेंदे की माला 50 रुपए और लाल गेंदे की माला 40 रुपए में बिक रही है। खुला गेंदा 150 रुपए किलो है। सजावट में इस्तेमाल होने वाला हरा पत्ता 60 रुपए का मिल रहा है। गुलाब 500 रुपए किलो और सेवंती 600 से 800 रुपए किलो तक बिक रही है। वहीं कमल का एक फूल 50 रुपए में मिल रहा है। ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं।
घरों में फूलों से सजावट की तैयारी
फूल खरीदने पहुंचीं अर्पिता शर्मा ने बताया कि इस बार बाजार में ताजे फूलों की कई किस्में उपलब्ध हैं। वह घर में फूलों से दिवाली सजाने की तैयारी कर रही हैं। उन्होंने गेंदे के फूल ज्यादा खरीदे हैं। वहीं महावीर नगर से आई एक महिला ने बताया कि उन्होंने सजावट के लिए गेंदा, खुशबू के लिए चमेली और पूजा के लिए सेवंती खरीदी है। मां लक्ष्मी की पूजा के लिए कमल का फूल भी लिया है। दिवाली के मौके पर फूलों की इस खरीदारी से बाजार में रौनक बढ़ गई है।
फूल बाजार की रौनक के पीछे रातभर की मेहनत
दिवाली पर फूलों की बिक्री के साथ दुकानदारों और कारीगरों की मेहनत भी बढ़ जाती है। फूलों की खेप उतारने से लेकर उनकी छंटाई और मालाएं तैयार करने तक लगातार काम चलता है। दिनभर ग्राहक खरीदारी करते हैं, जबकि रात में अगले दिन की बिक्री के लिए तैयारी होती है। फूल चौक के व्यापारियों की यही मेहनत त्योहार पर घरों और मंदिरों को रंग-बिरंगे फूलों से सजाने में मदद करती है।



