Karmabhumi Express Train Fire : कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन में लगी आग, हर तरफ धुआं-धुआं

Karmabhumi Express Train Fire : रेलवे ने आग की घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। कहा गया है कि सभी संभावित पहलुओं की जांच की जाएगी। फिलहाल आग लगने की वजह सामने नहीं आई है। 

Karmabhumi Express Train Fire : कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन में लगी आग, हर तरफ धुआं-धुआं

Karmabhumi Express Train Fire : पटियाला। पंजाब के पटियाला में शुक्रवार दोपहर बिहार जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन में अचानक आग लग गई। हादसा राजपुरा के पास सराय वंजारा गांव के नजदीक हुआ। आग की लपटें देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री डर के कारण ट्रेन से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह है कि हादसे में किसी यात्री के घायल या हताहत होने की खबर नहीं है।

पैंट्री कार से शुरू हुई आग

पटियाला के जिला कलेक्टर हिमांशु अग्रवाल के मुताबिक, ट्रेन की पैंट्री कार में सबसे पहले आग लगी थी। इसके बाद आग कुछ अन्य बोगियों तक फैल गई। उन्होंने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही ट्रेन में फायर अलार्म बजने लगा। अलार्म सुनकर यात्री सतर्क हो गए और अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन से बाहर निकल आए। समय रहते यात्रियों के बाहर निकलने से बड़ा हादसा टल गया।

घटना के वीडियो आए सामने

हादसे के बाद घटनास्थल के कई वीडियो सामने आए हैं। इनमें ट्रेन के आसपास दूर तक धुआं उठता दिखाई दे रहा है। वहीं, बड़ी संख्या में यात्री ट्रेन से उतरकर सुरक्षित स्थान पर खड़े नजर आ रहे हैं। चलती ट्रेन में आग लगने की खबर से यात्रियों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई थी। त्योहारों के मौसम में ट्रेनों में यात्रियों की संख्या अधिक रहती है। ऐसे में इस घटना ने रेलवे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

रेलवे ने दिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश

घटना के बाद रेलवे ने आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। जांच में सभी संभावित पहलुओं को शामिल किया जाएगा। फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। रेलवे और संबंधित अधिकारी घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रहे हैं। आग पर काबू पा लिया गया है और अब नुकसान का आकलन किया जा रहा है।