Bhopal में धनतेरस पर 1000 करोड़ का कारोबार : इलेक्ट्रिक-CNG कारों की डिमांड 50%, त्योहार के साथ शादी की खरीदारी भी
Bhopal Dhanteras Sale : धनतेरस पर मध्यप्रदेश के बाजारों में रौनक बढ़ी। भोपाल में 1000 करोड़ और इंदौर में 1200 करोड़ के कारोबार का अनुमान है।
Bhopal Dhanteras Sale : भोपाल। मध्यप्रदेश में धनतेरस के साथ पांच दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत हो रही है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर और उज्जैन समेत प्रदेश के बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। इस बार वाहन, सोना-चांदी, प्रॉपर्टी और इलेक्ट्रॉनिक्स की बिक्री बढ़ने की उम्मीद है। व्यापारियों के मुताबिक, कई बाजारों में मांग सप्लाई से ज्यादा है। इसका असर दीपावली के बाद भी दिखाई दे सकता है।
1000 करोड़ रुपये से ज्यादा के कारोबार की उम्मीद
राजधानी भोपाल में इस बार 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा के कारोबार का अनुमान है। पिछले साल यहां करीब 800 करोड़ रुपये की खरीदारी हुई थी। इसमें 125 करोड़ रुपये के वाहन और करीब 200-200 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी और ज्वेलरी का कारोबार शामिल था। इस बार वाहनों की बिक्री 225 से 250 करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना है। सराफा कारोबारी नवनीत अग्रवाल के मुताबिक, धनतेरस और दीपावली के साथ लोग शादी के लिए भी सोने-चांदी की खरीदारी कर रहे हैं।
2500 कारें और 7000 दोपहिया वाहन बिकने की उम्मीद
भोपाल में धनतेरस पर करीब 2500 कारें और 7000 से ज्यादा दोपहिया वाहन बिकने का अनुमान है। ग्राहकों ने एक महीने पहले से ही बुकिंग कराई है। जेके रोड स्थित एसएनआर किया के CEO सौरभ सोनी के मुताबिक, इस बार कारों की मांग सप्लाई से ज्यादा है। CNG और इलेक्ट्रिक कारों की मांग भी बढ़ी है। भोपाल ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष पांडे ने दोपहिया वाहनों की बिक्री में 5% तक वृद्धि की उम्मीद जताई है।
शुभ मुहूर्त में 500 से ज्यादा प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री संभव
धनतेरस पर प्रॉपर्टी खरीदने वाले लोगों के लिए भी खास तैयारी की गई है। भोपाल के ISBT और परी बाजार स्थित दोनों रजिस्ट्रार कार्यालय खुले रहेंगे। इस दिन 500 से ज्यादा रजिस्ट्रियों का अनुमान है। बाजार में 6 से 8 लाख रुपये की हैचबैक कारों से लेकर 25 से 50 लाख रुपये तक की SUV की मांग बनी हुई है।
इंदौर में 1200 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान
इंदौर में इस बार ऑटोमोबाइल, सोना-चांदी और बर्तन बाजार में अच्छी बिक्री की उम्मीद है। कुल कारोबार 1200 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। पिछले साल ऑटोमोबाइल सेक्टर में 500 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार हुआ था। इस बार 5000 से ज्यादा कारें और 12 हजार से अधिक दोपहिया वाहन बिकने की संभावना है। सराफा कारोबारियों के मुताबिक, सोने की कैडबरी की कीमत भी चार दिन में 1.42 लाख से बढ़कर 1.48 लाख रुपये हो गई है।
ग्वालियर में 900 करोड़ तक पहुंच सकता है कारोबार
ग्वालियर में इस बार 700 से 900 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। महाराज बाड़ा, मुरार और किलागेट के बाजारों में सोना-चांदी, इलेक्ट्रॉनिक्स और वाहनों की खरीदारी के लिए भीड़ पहुंच रही है। पिछले साल यहां करीब 500 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था। भीड़ को देखते हुए महाराज बाड़ा और मुख्य सराफा बाजार को नो व्हीकल जोन बनाया जाएगा। सुरक्षा के लिए 1200 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
उज्जैन और जबलपुर में भी बाजारों में रौनक
उज्जैन में सराफा बाजार में करीब 100 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है। यहां 1000 दोपहिया वाहनों की बिक्री से 10 करोड़ और 800 से 1000 कारों की डिलीवरी से 20 से 25 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। वहीं, जबलपुर में सराफा बाजार में 120 करोड़, बर्तन बाजार में 12 करोड़ और रियल एस्टेट में 90 करोड़ रुपये की खरीदारी संभावित है। दोनों शहरों में वाहन और घरेलू सामान की बिक्री भी बढ़ने की उम्मीद है।
यह खबर भी पढ़ें : Dhanteras 2026 : धनतेरस पर क्यों खरीदते हैं झाड़ू-धनिया? जानें सोना-चांदी और गाड़ी खरीदने का शुभ मुहूर्त



