Rewa News : TRS कॉलेज में भ्रष्टाचार के खिलाफ अतिथि विद्वान का प्रदर्शन, मुंडन कर जताया विरोध
Rewa TRS College News : रीवा के टीआरएस कॉलेज में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ अतिथि विद्वान डॉ. शिवानंद प्यासी धरने पर बैठे। प्रभारी प्राचार्य पर फर्जी दस्तावेज बनाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने मुंडन कर विरोध जताया।
Rewa TRS College News : मध्य प्रदेश। रीवा के प्रतिष्ठित शासकीय टीआरएस कॉलेज प्रबंधन की कार्यप्रणाली, और कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ एक अतिथि विद्वान धरने पर बैठ गए हैं। विरोध जताते हुए अतिथि विद्वान डॉ. शिवानंद प्यासी ने अपना मुंडन तक करवा लिया है। उनका आरोप है कि प्रभारी प्राचार्य द्वारा छात्र संख्या को लेकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए, और उच्च स्तर से शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों को बचाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जबरन उन्हें पद से भी हटा दिया गया है।

प्रभारी प्राचार्य पर फर्जी दस्तावेज बनाने का आरोप
रीवा के टीआरएस कॉलेज परिसर के बाहर धरना दे रहे, अतिथि विद्वान डॉ. शिवानंद प्यासी ने कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। डॉ. प्यासी के अनुसार, प्रभारी प्राचार्य डॉ. अर्पिता अवस्थी ने छात्रों की संख्या में हेराफेरी कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए हैं।

अतिथि विद्वान डॉ. शिवानंद प्यासी का कहना है कि इस मामले में रीवा कलेक्टर की जांच रिपोर्ट में भी अनियमितताओं की पुष्टि हुई है। आरोप है कि उन्हें जानबूझकर प्रताड़ित कर पद से हटाया गया। इस मामले को लेकर कई बार शिकायतों के बाद जांच आगे बढ़ी, लेकिन राजनीतिक संरक्षण के चलते अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

प्रशासनिक अनदेखी के खिलाफ कराया मुंडन
अतिथि विद्वान ने आरोप लगाया कि, प्रशासन प्रभारी प्राचार्य के रिटायरमेंट का इंतजार कर रहा है ताकि उन पर कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई न हो और उन्हें पेंशन व अन्य लाभ मिल सकें। इसी प्रशासनिक अनदेखी और तानाशाही के विरोध में उन्होंने बुधवार को अपना सिर मुंडवाकर विरोध दर्ज कराया है।





