छत्तीसगढ़ OBC कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल: 39 जिलों को मिले नए जिलाध्यक्षों, राष्ट्रीय अध्यक्ष जयहिंद ने जारी की नियुक्ति सूची
छत्तीसगढ़ OBC कांग्रेस ने संगठन विस्तार करते हुए 33 जिलों में शहर और ग्रामीण इकाइयों समेत 39 नए जिला अध्यक्ष नियुक्त किए हैं। जारी सूची में कई नए चेहरों को जिम्मेदारी दी गई है, जिससे पार्टी पिछड़ा वर्ग और ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है।
अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (AICC) के OBC विभाग ने छत्तीसगढ़ में संगठन विस्तार करते हुए नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा की है। प्रदेश के 33 जिलों में शहर और ग्रामीण इकाइयों को मिलाकर कुल 39 जिला अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। यह नियुक्तियां OBC विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जयहिंद के निर्देश पर जारी की गईं। नई सूची में कई नए चेहरों को मौका दिया गया है, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाया जा सके।

नए चेहरों को मिली संगठन की कमान
रायपुर शहर OBC कांग्रेस की जिम्मेदारी लक्ष्मण सेन को सौंपी गई है, जबकि रायपुर ग्रामीण अध्यक्ष के रूप में मुकेश साहू को नियुक्त किया गया है। वहीं, धमतरी शहर में प्रमोद सिन्हा और धमतरी ग्रामीण में लखेश्वर साहू को कमान दी गई है। कांग्रेस का कहना है कि इन नियुक्तियों से पार्टी को ग्रामीण और पिछड़ा वर्ग समुदाय के बीच संगठन मजबूत करने में मदद मिलेगी।
शहर और ग्रामीण इकाइयों में बदलाव, संगठन मजबूत करने पर फोकस
OBC कांग्रेस ने प्रदेश के कई जिलों में नए जिला अध्यक्ष नियुक्त कर संगठन को मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। बलौदाबाजार शहर की जिम्मेदारी गणेश शंकर साहू और ग्रामीण क्षेत्र की कमान घनश्याम पटेल को सौंपी गई है। गरियाबंद में गजेंद्र साहू और महासमुंद ग्रामीण में कुनाल चंद्राकर को जिम्मेदारी मिली है। दुर्ग शहर में शिशिरकांत कसार और ग्रामीण क्षेत्र में संतोष देशमुख को जिला अध्यक्ष बनाया गया है।

पिछड़ा वर्ग संगठन को मजबूत करने के लिए किए बड़े बदलाव
राजनांदगांव शहर में सचिन दुरहटे और ग्रामीण में रोशन साहू को नियुक्त किया गया है। वहीं मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में भैयाराम यदु, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में पुरुषोत्तम वर्मा और कांकेर में सुखचंद प्रजापति को नई जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा बिलासपुर ग्रामीण में सुनील साहू, मुंगेली में अभिलाष जायसवाल, कोरबा शहर में गजानंद साहू और कोरबा ग्रामीण में राजेश मानिकपुरी को कमान सौंपी गई है। रायगढ़ शहर में कन्हैया पटेल, रायगढ़ ग्रामीण में बबलू साहू, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में मितेंद्र यादव, जशपुर में चंद्रदीप यादव और सरगुजा में ईश्वर सोनी को संगठन विस्तार की जिम्मेदारी दी गई है।
Varsha Shrivastava 
