CJI के बयान के बाद वायरल हुई 'कॉकरोच जनता पार्टी', 6 दिन में इंस्टाग्राम पर 15M से ज्यादा फॉलोअर्स

Gen Z का नया डिजिटल विरोध! CJI के ‘कॉकरोच’ वाले बयान के विरोध में बनी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के इंस्टाग्राम पर 6 दिन में 15M से ज्यादा फॉलोअर्स

CJI के बयान के बाद वायरल हुई 'कॉकरोच जनता पार्टी', 6 दिन में इंस्टाग्राम पर 15M से ज्यादा फॉलोअर्स

देश में इन दिनों सोशल मीडिया पर एक नई ‘पार्टी’ तेजी से चर्चा में है। नाम है- ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ यानी CJP। यह कोई पारंपरिक राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक Digital और Sarcasm अभियान है, जिसने कुछ ही दिनों में लाखों युवाओं का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इंस्टाग्राम और X जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस पार्टी की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है।

यह पूरा मामला भारत के चीफ जस्टिस (CJI) सूर्यकांत के एक कथित बयान से जुड़ा है। सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि CJI ने बेरोजगार युवाओं की तुलना ‘कॉकरोच’ और ‘परजीवी’ से की थी। इसी बयान के विरोध में महाराष्ट्र के अभिजीत दीपके ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से सोशल मीडिया अभियान शुरू किया। देखते ही देखते यह कैंपेन वायरल हो गया और Gen Z यानी युवाओं के बीच चर्चा का विषय बन गया।

6 दिन में इंस्टाग्राम पर 14M फॉलोअर्स

CJI सूर्यकांत के कॉकरोच वाले बयान के विरोध में बनी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बहुत तेजी बढ़ रहें हैं। 6वें दिन यह आंकड़ा इंस्टाग्राम पर 15M से ज्यादा पहुंच गया और X पर करीब 1 लाख 60 हजार इससे जुड़ चुके हैं। वहीं, इंस्टाग्राम पर भारतीय जनता पार्टी के 87 लाख और कांग्रेस के 1.33 करोड़ फॉलोअर्स हैं।

CJP ने सबसे ज्यादा चर्चा अपने सोशल मीडिया फॉलोअर्स की वजह से बटोरी। इंस्टाग्राम पर इस पेज के फॉलोअर्स कुछ ही दिनों में लाखों तक पहुंच गए। सोशल मीडिया पर कई पोस्ट में दावा किया गया कि पार्टी के फॉलोअर्स की संख्या कुछ बड़े राजनीतिक दलों के सोशल मीडिया अकाउंट्स के करीब पहुंच गई।

कौन हैं अभिजीत दीपके, जिन्होंने बनाई अनोखी पार्टी

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की शुरुआत महाराष्ट्र के अभिजीत दीपके ने की। अभिजीत फिलहाल अमेरिका की बॉस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशन की पढ़ाई कर रहे हैं। वे 2020 से 2023 तक आम आदमी पार्टी (AAP) की सोशल मीडिया टीम में वॉलंटियर के तौर पर भी काम कर चुके हैं।

अभिजीत का कहना है कि जब उन्होंने सोशल मीडिया पर CJI के बयान को लेकर अपनी राय रखी, तो बड़ी संख्या में युवाओं ने प्रतिक्रिया दी। लोगों ने कहा कि अगर उन्हें ‘कॉकरोच’ कहा जा रहा है, तो उन्हें एक साथ आना चाहिए। इसी सोच के बाद ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ बनाई गई।

पार्टी का नारा और सदस्यता की शर्तें

कॉकरोच जनता पार्टी ने खुद को पूरी तरह व्यंग्यात्मक अंदाज में पेश किया है। पार्टी का नारा है- “Secular, Socialist, Democratic, Lazy” यानी पार्टी खुद को “आलसी लोकतांत्रिक संगठन” बताती है। इसके अलावा पार्टी ने सदस्यता के लिए चार शर्तें भी बताई हैं-

  • बेरोजगार होना
  • आलसी होना
  • हमेशा ऑनलाइन रहना
  • प्रोफेशनली भड़ास निकालने की क्षमता होना

इन शर्तों को सोशल मीडिया पर युवाओं ने मजाकिया अंदाज में खूब शेयर किया।

CJP के मैनिफेस्टो में किए गए बड़े वादे

कॉकरोच जनता पार्टी ने अपना ‘मैनिफेस्टो’ भी जारी किया है। इसमें कई ऐसे वादे किए गए हैं जो सीधे राजनीति, मीडिया और व्यवस्था पर सवाल उठाते हैं। पार्टी ने कहा कि अगर वह सत्ता में आती है तो रिटायरमेंट के बाद किसी भी CJI को राज्यसभा नहीं भेजा जाएगा।

इसके अलावा पार्टी ने दावा किया कि अगर किसी व्यक्ति का वैध वोट हटाया गया तो मुख्य चुनाव आयुक्त पर सख्त कार्रवाई होगी। महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने की बात भी मैनिफेस्टो में कही गई है। साथ ही मीडिया की स्वतंत्रता और दलबदल रोकने को लेकर भी कई बड़े दावे किए गए हैं। हालांकि, राजनीतिक और कानूनी जानकारों का कहना है कि इनमें से कई वादों को लागू करना संवैधानिक रूप से आसान नहीं होगा।

इतनी बड़ी संख्या में आखिर क्यों जुड़ रहे हैं युवा?

विशेषज्ञों का मानना है कि यह केवल एक मीम पेज या मजाक नहीं है। इसके पीछे युवाओं की नाराजगी भी दिखाई देती है। बेरोजगारी, सोशल मीडिया संस्कृति, राजनीति से दूरी और सिस्टम के प्रति गुस्सा- ये सभी बातें इस ट्रेंड में नजर आती हैं।

Gen Z अब पारंपरिक राजनीति की बजाय मीम्स, रील्स और वायरल कंटेंट के जरिए अपनी बात कह रहा है। यही वजह है कि कॉकरोच जनता पार्टी जैसे कैंपेन तेजी से वायरल हो रहे हैं। फिलहाल ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को चुनाव आयोग से किसी राजनीतिक दल के रूप में मान्यता नहीं मिली है। इसे अभी एक डिजिटल और व्यंग्यात्मक सोशल मीडिया अभियान के तौर पर देखा जा रहा है।

अब जानें पूरा विवाद कैसे शुरू हुआ

15 मई को कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि सुप्रीम कोर्ट में एक मामले की सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत ने बेरोजगार युवाओं को लेकर टिप्पणी की। रिपोर्ट्स में कहा गया कि उन्होंने कहा- “कॉकरोच की तरह बहुत से युवा इस पेशे में रोजगार नहीं पा रहे हैं।” यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई। कई युवाओं ने इसे बेरोजगारी से जूझ रहे लोगों का अपमान बताया। इसके बाद मीम्स, पोस्ट और वीडियो की बाढ़ आ गई।

हालांकि, अगले ही दिन CJI सूर्यकांत ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी टिप्पणी बेरोजगार युवाओं के लिए नहीं थी। उन्होंने कहा कि उनका बयान उन लोगों के लिए था जो फर्जी डिग्री लेकर वकालत और दूसरे पेशों में घुस आते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया के एक वर्ग ने उनकी बात को गलत तरीके से पेश किया।