इंदौर में जीतू पटवारी के खिलाफ यादव समाज का आक्रोश : माफी नहीं मांगने पर आंदोलन की चेतावनी
प्रत्येक शहर में यादव समाज के युवाओं के द्वारा जीतू पटवारी का मुँह काला किया जायेगा। टीकमगढ़ के वीडियो को यादव समाज से जोड़कर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने वायरल किया।
मध्य प्रदेश। इंदौर में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के एक वीडियो को लेकर यादव समाज में नाराजगी सामने आई है। यादव समाज के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया है कि टीकमगढ़ से सामने आए एक वीडियो को जीतू पटवारी ने भ्रामक तरीके से यादव समाज के व्यक्ति से जोड़कर सोशल मीडिया पर वायरल किया। इसी को लेकर यादव समाज के पदाधिकारियों ने इंदौर में एडिशनल डीसीपी को ज्ञापन सौंपकर जीतू पटवारी के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।
यादव समाज के लोगों का कहना है कि वीडियो को यादव समाज से जोड़कर पेश किए जाने से समाज की छवि प्रभावित हुई है। समाज ने इस मामले में पुलिस से जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बीजेपी प्रवक्ता राकेश यादव भी मौजूद रहे।राकेश यादव ने कहा कि जीतू पटवारी को इस मामले में यादव समाज से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने माफी नहीं मांगी तो उनके खिलाफ आंदोलन शुरू किया जाएगा।
राकेश यादव ने कहा कि पहले आवेदन और निवेदन के माध्यम से अपनी बात रखी जा रही है, लेकिन इसके बाद भी यदि माफी नहीं मांगी गई तो यादव समाज उनके घर का घेराव करने के साथ ही उनके खिलाफ मोर्चा खोलेगा।
वहीं युवा यादव समाज के पदाधिकारी अंकित यादव ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि समाज इस मामले को लेकर पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा कि यदि जीतू पटवारी ने यादव समाज से माफी नहीं मांगी तो अलग-अलग शहरों में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि यादव समाज के लोग जीतू पटवारी का मुंह काला कर विरोध जताने के लिए मजबूर होंगे। फिलहाल ज्ञापन के बाद पुलिस द्वारा मामले की जांच किए जाने की बात सामने आई है। यादव समाज ने मांग की है कि वीडियो को लेकर तथ्य सामने लाए जाएं और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

