इंदौर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़, 30 दुर्लभ कछुए बरामद; दो आरोपी गिरफ्तार
कछुओं की अवैध खरीद-फरोख्त की तैयारी में थे तस्कर, स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स ने दबोचा
इंदौर में वन्यजीव संरक्षण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स और स्थानीय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वन्यजीव तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 30 दुर्लभ प्रजाति के कछुए बरामद किए गए हैं, जिन्हें बेचने की तैयारी की जा रही थी।
दरअसल, विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मूसाखेड़ी निवासी केशव शर्मा और रोहन गौड़ दुर्लभ प्रजाति के कछुओं की अवैध खरीद-फरोख्त के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान उनके कब्जे से 30 कछुए बरामद किए गए, जिनमें इंडियन स्टार टॉर्टोइज़, इंडियन रूफ्ड टर्टल और स्पॉटेड पॉन्ड टर्टल जैसी संरक्षित प्रजातियां शामिल हैं।
आरोपियों से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। दोनों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972 के तहत प्रकरण दर्ज कर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन कछुओं को कहां से लाया गया था, इनके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं और इन्हें किन ग्राहकों को बेचा जाना था। पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा करने के लिए आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।
Varsha Shrivastava 
