07 March 2026: कल रंगपंचमी पर इंदौर में निकलेगी गेर, तैयारियां पूरी, पढ़ें आज की इंदौर की खबरें

इंदौर नगर निगम ने आयोजित रंग दे बैकलेन कार्यक्रम के तहत शहर की विभिन्न बैकलेन को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाने के साथ नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

07 March 2026: कल रंगपंचमी पर इंदौर में निकलेगी गेर, तैयारियां पूरी, पढ़ें आज की इंदौर की खबरें

रंगपंचमी पर निकलने वाली गेर को प्रशासन और पुलिस की तैयारी पूरी

इंदौर में रंगपंचमी के पर्व को लेकर प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी बीच इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने आदेश जारी करते हुए गेर के दौरान मुखौटे पहनने तथा कान फाड़ू माउथ हॉर्न बेचने और बजाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। कलेक्टर ने भीड़ में पहचान छिपाने और अनावश्यक शोर-शराबे जैसी स्थितियों को रोका जा लगाने के लिए निर्णय लिया है। वहीं आईसीसी टी 20 वर्ल्ड कप के लिए देर रात तक पुलिस फोर्स तैनात रहेगा।

रंगपंचमी की गेर को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने अधिकारियों की विशेष बैठक लेकर जिम्मेदारियों और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। आयोजन समिति और आयोजकों के साथ भी लगातार बैठकें की जा चुकी हैं। ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को विशेष ब्रीफिंग दी जाएगी। पूरे आयोजन क्षेत्र को पांच सेक्टर और कई सब-डिवीजन में बांटा गया है।

प्रत्येक सेक्टर में वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में तीन हजार से अधिक पुलिस बल तैनात रहेगा। आपात स्थिति से निपटने के लिए इमरजेंसी एग्जिट भी चिन्हित किए गए हैं। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए अलग से पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जबकि महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष पेट्रोलिंग टीम तैनात रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत सैंकड़ों सीसीटीवी कैमरों और आधा दर्जन से अधिक लाईव ड्रोन के माध्यम से कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। ड्रोन कैमरों और वालंटियर्स की मदद से भीड़ पर नजर रखी जाएगी।

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि कोई भी अपराधी पुलिस की नजर से बच नहीं पाएगा। वहीं रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल को देखते हुए भी पुलिस अतिरिक्त सतर्क रहेगी। वहीं इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा है कि गैर के बीच पहचान छुपाने के लिए कई बार बदमाश और हुडदंगी कार्टून और भद्दे मास्क और रंग बिरंगे बालों का इस्तेमाल करते हैं जिस पर तुरंत प्रतिबंध लगा दिया है। वहीं गैर की बीच भारी भीड़ में कान फाड़ू माउथ हॉर्न  बजाने और बेचने पर भी त्वरित रोक लगा दी गई है। प्रशासन स्वच्छ तरीके से रंगपंचमी संपन्न करवाने के लिए प्रयास कर रहा है।

गेर के लिए नगर निगम ने ऑपरेशन सिंदूर की थीम पर मिलिट्री टैंक बनाया

इंदौर में रंगपंचमी का पर्व हर साल पारंपरिक उल्लास और भव्यता के साथ मनाया जाता है। शहर में निकलने वाली प्रसिद्ध गैर इस उत्सव की सबसे बड़ी पहचान मानी जाती है। जिसमें हजारों लोग रंग-गुलाल के साथ उत्साहपूर्वक शामिल होते हैं। इस बार नगर निगम ने ऑपरेशन सिंदूर की थीम पर मिलिट्री टैंक और विशेष 25 फीट ऊंचा हाथी बनाया है जो आकर्षण का केंद्र बनेगा।

दरअसल, शहर की पारंपरिक गैर यात्रा राजवाड़ा, सराफा और शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी। यह गेर पूरे देश में अपनी अलग पहचान रखती है। इस बार भी इंदौर नगर निगम भव्य गेर का आयोजन कर रही है, जिसमें कई नई झांकियां और आकर्षण देखने को मिलेंगे।

इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से नगर निगम की गेर में विशेष थीम और नवाचार जोड़े जा रहे हैं। इसी क्रम में इस वर्ष गेर में ऑपरेशन सिंदूर की झलक दिखाई देगी। इसके तहत एक विशेष झांकी तैयार की जा रही है, जिसमें मिलिट्री टैंक शामिल रहेगा। यह टैंक पारंपरिक हथियारों की जगह रंगों से लोगों को सराबोर करेगा और टैंक से रंगों की बौछार करते हुए गेर में शामिल लोगों पर गुलाल उड़ाया जाएगा, जो उत्सव का अलग ही माहौल बनाएगा।

इसके अलावा नगर निगम ने लगभग 25 फीट ऊंचा विशाल हाथी भी तैयार किया है। यह हाथी गेर के साथ चलते हुए लोगों पर पानी की बौछार करता नजर आएगा, जिससे रंगपंचमी के जुलूस में शामिल लोग गर्मी से राहत के साथ उत्सव का आनंद ले सकेंगे।

वहीं, रंगपंचमी को लेकर महापौर भार्गव ने बताया कि इस बार यूनेस्को की टीम भी रंगपंचमी की गेर को देखने और उसका अध्ययन करने इंदौर पहुंचेगी। टीम इस पारंपरिक आयोजन का सर्वे कर इसे धरोहर के रूप में शामिल करने की संभावनाओं का आकलन करेगी। नगर निगम का प्रयास है कि इंदौर की यह ऐतिहासिक गैर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाए और शहर की सांस्कृतिक विरासत के रूप में स्थापित हो सके।

शहर की बैकलेन को साफ-सुथरा और उपयोगी बनाने के लिए रंग दे बैकलेन अभियान

देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में स्वच्छता को लेकर लगातार नए प्रयोग किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नगर निगम ने शहर की बैकलेन को साफ-सुथरा और उपयोगी बनाने के लिए रंग दे बैकलेन अभियान शुरू किया है। इसके तहत शहर की 21 उन बैकलेन में एक साथ स्वच्छता और जनसहभागिता के कार्यक्रम आयोजित किए गए जहां कभी गंदगी हुआ करती थी।

इंदौर नगर निगम द्वारा आयोजित रंग दे बैकलेन कार्यक्रम के तहत शहर की विभिन्न बैकलेन को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाने के साथ नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के तहत शहर में अलग अलग जगह पर बैकलेन में योग, क्रिकेट, पेंटिंग, रंगोली और खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया।

झोन क्रमांक 21 के धनवंतरी नगर बैकलेन में आयोजित कार्यक्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी शामिल हुए। यहां उन्होंने नागरिकों के साथ योग अभ्यास किया, बच्चों के साथ क्रिकेट खेला और दीवारों पर स्वच्छता का संदेश भी लिखा।

इस दौरान महापौर ने कहा कि जिस बैकलेन में पहले गंदगी और बीमारी की शिकायतें मिलती थीं, आज उसी जगह पर योग और सामाजिक गतिविधियां हो रही हैं। यह इंदौर के जागरूक नागरिकों की भागीदारी का परिणाम है।नगर निगम के अनुसार शहर में हर साल करीब 50 नई बैकलेन का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है, ताकि इन स्थानों को स्वच्छ और उपयोगी बनाया जा सके। 

तिंछा फॉल में गिरने से 2 युवकों की मौत, नई गाड़ी की पार्टी करने गए थे 3 युवक

इंदौर जिले के सिमरोल थाना क्षेत्र स्थित तिंछा फॉल में बड़ा हादसा हो गया। यहां गहरी खाई के किनारे बैठकर शराब पी रहे तीन युवकों में से दो युवकों का अचानक पैर फिसल गया और वे खाई में जा गिरे। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद सिमरोल थाना पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू कर शवों को बाहर निकाला।

दरअसल, इंदौर के सिमरोल थाना क्षेत्र के तिंछा फॉल पर तीन युवक घूमने के लिए पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि तीनों युवक फॉल की गहरी खाई के किनारे बैठकर शराब पी रहे थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से दो युवकों का पैर फिसल गया और वे गहरी खाई में जा गिरे। हादसे में अशोक और सुमित नाम के दोनों युवकों की खाई में गिरने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सिमरोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से क्रेन की सहायता से दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला।

वहीं, घटना के समय मौजूद तीसरे युवक अभिनव पाठक ने पुलिस को बताया कि उसने हाल ही में नई गाड़ी खरीदी थी, जिसकी खुशी मनाने के लिए तीनों दोस्त तिंछा फॉल घूमने आए थे। इसी दौरान खाई के किनारे बैठकर शराब पीते समय अचानक पैर फिसलने से अशोक और सुमित खाई में गिर गए, जिससे दोनों की मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

लोगों को सस्ते ट्रैवल पैकेज का लालच देकर ठगी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

इंदौर शहर में लोगों से ठगी और धोखाधड़ी करने वाले आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच इंदौर को बड़ी सफलता मिली है। क्राइम ब्रांच ने टूर एंड टूरिज्म कंपनी के नाम पर लोगों को सस्ते पैकेज का लालच देकर ठगी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं इस मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है। क्राइम ब्रांच को एक फरियादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके साथ ब्लू माउंटेन टूरिज्म कंपनी के नाम पर ठगी की गई है। आरोपियों ने सस्ता टूर पैकेज देने का झांसा देकर उसके क्रेडिट कार्ड से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर लिया। शिकायत मिलने के बाद क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने जुलाई 2025 में टूर पैकेज अलॉट करने के नाम पर करीब एक लाख रुपये की राशि क्रेडिट कार्ड से ट्रांजेक्शन कर उसे ईएमआई में बदल दिया और पीड़ित से ठगी कर ली। जिसमें क्राइम ब्रांच की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए सूरत निवासी आकाश, रिजवान, शाहिद और जुनेद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अलग-अलग स्थानों पर संगठित होकर फर्जी टूर पैकेज के जरिए लोगों को निशाना बनाते थे। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपी भाविक और कपिल अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीम जुटी हुई है।

इंदौर क्राइम ब्रांच की साइबर विंग की बड़ी कार्रवाई, 2 माह में 1.28 करोड़ रुपये की रिकवरी

इंदौर में साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए इंदौर क्राइम ब्रांच की साइबर क्राइम विंग लगातार सक्रिय कार्रवाई कर रही है। ऑनलाइन ठगी के मामलों में पुलिस द्वारा तकनीकी जांच और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से पीड़ितों को राहत दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। इंदौर क्राइम ब्रांच एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार वर्ष 2026 के जनवरी और फरवरी माह के दौरान ऑनलाइन ट्रांजेक्शन फ्रॉड के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ 28 लाख रुपये से अधिक की राशि रिकवर की गई है।

साइबर ठगी का शिकार हुए पीड़ित क्राइम ब्रांच की साइबर हेल्पलाइन 109 पर अपनी शिकायत दर्ज कराते हैं, जिसके बाद साइबर टीम तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक खातों को फ्रीज करवाने की प्रक्रिया शुरू करती है, ताकि ठगी की राशि को सुरक्षित किया जा सके। जिसने जनवरी से फरवरी के बीच साइबर सेल में दो हजार से अधिक शिकायतें दर्ज हुई हैं। इनमें ऑनलाइन गेमिंग, टास्किंग, इनवेस्टमेंट फ्रॉड सहित अन्य प्रकार की साइबर ठगी के मामले शामिल हैं। साइबर विंग ने इस दौरान चार से अधिक बैंक खातों को ब्लॉक कराया है। इसके अलावा कार्रवाई करते हुए 150 से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट रिकवर किए गए तथा 180 फर्जी अकाउंट को ब्लॉक कराया गया है। 

विजय नगर में सूने मकान में लाखों की चोरी, चोरों की तलाश में जुटी पुलिस

इंदौर के विजय नगर थाना क्षेत्र में एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात बदमाशों ने लाखों के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। दरअसल फरियादी रश्मि केसरी 25 तारीख को अपनी बड़ी बेटी के पास भोपाल गई हुई थीं। जब उनकी बेटी ने घर वापस आकर देखा तो घर के ताले टूटे हुए थे और अलमारी भी क्षतिग्रस्त थी। पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की।

पुलिस की तफ्तीश में सामने आया कि चोरों ने अलमारी से करीब दो तोला सोना और अन्य कीमती सामान चोरी किया है, जिसकी कीमत लाखों में बताई जा रही है। वही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दो टीमें गठित कर दी हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मौके से फिंगरप्रिंट्स भी लिए गए हैं। शुरुआती फुटेज में दो से तीन संदिग्ध नजर आए हैं, हालांकि उनकी सटीक संख्या की पुष्टि होना अभी बाकी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

व्हाट्सएप पर ई-चालान के नाम पर APK फाइल भेजकर मोबाइल हैक कर लाखों की ठगी

इंदौर में साइबर अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला लसुड़िया थाना क्षेत्र से सामने आया है। जहां एक व्यक्ति के व्हाट्सएप पर ई-चालान के नाम पर APK फाइल भेजकर उसका मोबाइल हैक कर लिया गया और बैंक खाते से साढ़े पांच लाख रुपये की ठगी की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अनजान नंबर से आई एपीके फाइल या लिंक को डाउनलोड न करें और न ही किसी के साथ अपना OTP साझा करें।

शांति निकेतन, बॉम्बे हॉस्पिटल क्षेत्र के निवासी आशीष तिवारी के साथ यह धोखाधड़ी हुई है। जिसमें पीड़ित को व्हाट्सएप पर एक ई-चालान की एपीके फाइल मिली थी। जैसे ही उन्होंने उस फाइल को डाउनलोड किया, उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद बदमाशों ने उनसे ओटीपी शेयर करवाया और उनके बैंक खाते से करीब साढ़े पांच लाख रुपये का अवैध ट्रांजैक्शन कर लिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ट्रांजैक्शन विवरणों की बारीकी से जांच की जा रही है।