भोपाल के भदभदा कचरा प्लांट में बड़ा हादसा, कचरा वाहन की टक्कर से ड्राइवर का पैर कुचला
भोपाल में कचरा वाहन ने ड्राइवर को मारी टक्कर। पैर में गंभीर चोट आने के बाद इलाज के लिए तड़पता रहा ड्राइवर और लोग वीडियो बनाते रहे।
भोपाल। राजधानी के भदभदा कचरा स्टेशन में शनिवार दोपहर एक गंभीर हादसा हो गया। यहां नगर निगम के कचरा वाहन की टक्कर से एक ड्राइवर बुरी तरह घायल हो गया। हादसे में उसके पैर में गंभीर चोट आई है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद प्लांट परिसर में हड़कंप मच गया और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
लापरवाही से वाहन चलाने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार जोन-21 के कचरा वाहन का चालक पवन अपनी गाड़ी लेकर भदभदा कचरा स्टेशन पहुंचा था। वहीं जोन-8 का कचरा वाहन चालक अरुण धावरी भी अपनी गाड़ी लेकर वहां पहुंचा था और एंट्री कराने के लिए वाहन से उतरकर खड़ा था। इसी दौरान पवन ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए अरुण को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन उसके पैर से गुजरता हुआ आगे जाकर दीवार से टकरा गया। हादसे में अरुण का एक पैर बुरी तरह से टूट गया और वह मौके पर ही लहूलुहान हालत में दर्द से तड़पता रहा।
घायल को अस्पताल में कराया भर्ती
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल अरुण को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक उसके पैर में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है और सर्जरी की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद कुछ देर तक प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
ड्राइवर के लाइसेंस को लेकर उठे सवाल
घटना के बाद यह बात भी सामने आई है कि वाहन चला रहा चालक पवन के पास कथित तौर पर केवल प्राइवेट ड्राइविंग लाइसेंस है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि प्राइवेट लाइसेंस वाले व्यक्ति को सरकारी कचरा वाहन चलाने की अनुमति किस अधिकारी के आदेश पर दी गई। इस मामले को लेकर नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने उठाए भ्रष्टाचार के आरोप
नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम में लेबर क्लास के कर्मचारियों से गाड़ियां चलवाई जा रही हैं, जबकि जिन ड्राइवरों के पास हैवी ड्राइविंग लाइसेंस थे उन्हें हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच होनी चाहिए, क्योंकि ऐसी लापरवाही के कारण ही इस तरह के हादसे हो रहे हैं।
पुलिस ने कहा- शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई
वहीं रातीबढ़ थाना पुलिस का कहना है कि फिलहाल इस मामले में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस के मुताबिक शिकायत मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल ड्राइवर का अस्पताल में इलाज जारी है।
Varsha Shrivastava 
