इंदौर अस्पतालों में दूषित पानी : 5 अस्पताल के सैंपलों में गड़बड़ी, अब नगर निगम देगा नर्मदा कनेक्शन
निगम आयुक्त सिंघल ने स्पष्ट किया कि जिन अस्पतालों में अब तक नगर निगम की ओर से नर्मदा जल का कनेक्शन नहीं है, वहां निगम जल्द से जल्द कनेक्शन देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
इंदौर। मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार द्वारा शुक्रवार को भागीरथपुरा दूषित पानी कांड में जान गंवाने वाले 36 लोगों की मौत के आठ महीने बाद भी इंदौर के पांच प्रमुख सरकारी अस्पतालों के दूषित पानी के सैंपलों की रिपोर्ट उजागर किए जाने के बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आ गया है और अब निगमायुक्त सभी अस्पतालों को नर्मदा कनेक्शन देने की बात कहते नजर आ रहे हैं।
बोरिंग के पानी के सैंपलों में समस्या
इस गंभीर मामले पर इंदौर नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल का बयान सामने आया है। आयुक्त सिंघल ने स्वीकार किया कि जांच के आधार पर कुछ सरकारी अस्पतालों के बोरिंग के पानी के सैंपलों में समस्याएं पाई गई हैं। उन्होंने बताया कि बोरवेल वाटर और वाटर कुलरों के पानी से जुड़ी इस समस्या को लेकर संबंधित अस्पताल प्रबंधन से पूर्व में ही संवाद किया जा चुका है।
नर्मदा जल आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित
निगम आयुक्त सिंघल ने स्पष्ट किया कि जिन अस्पतालों में अब तक नगर निगम की ओर से नर्मदा जल का कनेक्शन नहीं है, वहां निगम जल्द से जल्द कनेक्शन देने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि जैसे ही अस्पतालों की ओर से नर्मदा जल कनेक्शन के लिए आवेदन प्राप्त होगा, उन्हें तत्काल प्रभाव से नर्मदा का शुद्ध पेयजल मुहैया करा दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि नगर निगम द्वारा की जा रही नर्मदा जल आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित है और उसकी सप्लाई में किसी प्रकार की कोई खराबी या समस्या नहीं है।

क्षितिज सिंघल, निगमायुक्त इंदौर नगर निगम
गौरतलब है कि शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने भागीरथपुरा दूषित पानी कांड को लेकर हाई कोर्ट द्वारा तय की गई एक सदस्य जांच आयोग की रिपोर्ट पर चर्चा के दौरान इंदौर के पांच सरकारी अस्पतालों के 15 दूषित पानी के सैंपलों की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करते हुए मरीजों के स्वास्थ्य पर चिंता जताई थी, जिसके बाद नगर निगम ने प्राथमिकता के आधार पर नर्मदा कनेक्शन देने का आश्वासन दिया है।

