Apple Pay India Launch : भारत में लॉन्च हुआ एप्पल पे, Axis Bank से मिला साथ; यूजर्स को मिलेंगे ये बड़े फायदे

Apple Pay India Launch : एप्पल के मुताबिक भारत में तेजी से बढ़ते डिजिटल और कैशलेस लेनदेन को देखते हुए यह सर्विस यूजर्स को आसान, सुरक्षित और प्राइवेसी-सेंट्रिक पेमेंट का ऑप्शन देगी।

Apple Pay India Launch : भारत में लॉन्च हुआ एप्पल पे, Axis Bank से मिला साथ; यूजर्स को मिलेंगे ये बड़े फायदे

Apple Pay India Launch : टेक डेस्क। Apple ने भारत में अपनी पेमेंट सर्विस एप्पल पे लॉन्च कर दी है। अब iPhone, iPad और Apple Watch के यूजर्स इन डिवाइस के जरिए कॉन्टैक्टलेस पेमेंट कर सकेंगे। कंपनी ने भारत में इस सर्विस की शुरुआत Axis Bank के साथ साझेदारी में की है। एप्पल पे के आने से यूजर्स को पेमेंट करने के लिए कार्ड बार-बार निकालने की जरूरत कम हो सकती है। यह लॉन्च ऐसे समय हुआ है जब भारत में डिजिटल और कॉन्टैक्टलेस पेमेंट का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है।

 

Axis Bank के कार्ड से हुई शुरुआत

भारत में Apple Pay की शुरुआत फिलहाल Axis Bank के Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड से हुई है। कंपनी आगे चलकर दूसरे बैंकों के कार्ड को भी इस सुविधा से जोड़ने की योजना बना रही है। Apple के मुताबिक भारत में तेजी से बढ़ते डिजिटल और कैशलेस लेनदेन को देखते हुए यह सर्विस यूजर्स को आसान, सुरक्षित और प्राइवेसी-सेंट्रिक पेमेंट का ऑप्शन देगी।

PIN और OTP की झंझट से छुटकारा

Apple Pay से दुकान पर पेमेंट करना काफी आसान हो सकता है। कार्ड निकालने, PIN डालने या OTP का इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। iPhone में साइड बटन को दो बार दबाकर Face ID, Touch ID या पासकोड से पेमेंट को मंजूरी दी जा सकती है। इसके बाद फोन को कॉन्टैक्टलेस मशीन के पास ले जाना होता है। इससे छोटी-बड़ी खरीदारी में समय बच सकता है। भीड़ वाली जगहों पर यह तरीका सुविधाजनक साबित होगा।

कार्ड की जानकारी रहेगी पूरी तरह सुरक्षित

Apple Pay में भुगतान करते समय आपका असली कार्ड नंबर दुकानदार के साथ शेयर नहीं होता। फोन में भी कार्ड की पूरी जानकारी सामान्य तरीके से सेव नहीं रहती। इसकी जगह एक अलग डिजिटल नंबर और सुरक्षा तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है। पेमेंट को पूरा करने के लिए Face ID, Touch ID या पासकोड की जरूरत होती है। अगर किसी के हाथ आपका फोन लग भी जाए तो बिना मंजूरी के भुगतान आसान नहीं होगा।

रिवॉर्ड और ऑफर मिलते रहेंगे

Apple Pay इस्तेमाल करने का मतलब यह नहीं है कि आपके मौजूदा क्रेडिट कार्ड के फायदे खत्म हो जाएंगे। अगर आपके कार्ड पर रिवॉर्ड पॉइंट्स, कैशबैक या दूसरे बेनिफिट मिलते हैं तो एलिजिबल कार्ड के साथ ये सुविधाएं जारी रह सकती हैं। पेमेंट का तरीका बदलता है लेकिन कार्ड से मिलने वाले फायदे बने रहते हैं। Apple की तरफ से अलग से कोई फीस नहीं ली जाती।

ऑनलाइन शॉपिंग और वॉच से भी पेमेंट आसान

Apple Pay का फायदा सिर्फ दुकानों तक सीमित नहीं है। जहां यह सुविधा उपलब्ध है वहां iPhone और iPad से ऐप या वेबसाइट पर खरीदारी करते समय भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। हर बार कार्ड नंबर या एड्रेस भरने की जरूरत कम हो जाती है। Apple Watch के जरिए भी पेमेंट किया जा सकता है। इससे खरीदारी के दौरान फोन निकालने की जरूरत भी कम हो सकती है।