मऊगंज में अवैध गिट्टी परिवहन पर प्रशासन का हंटर : दो वाहन जप्त, खनिज माफिया में हड़कंप
Mauganj News : कलेक्टर संजय कुमार जैन की सख्ती के बाद हरकत में आया खनिज विभाग, हनुमना में अवैध खनन पर बड़ी कार्यवाही
राजेंद्र पयासी @ मऊगंज।
मऊगंज जिले में अवैध खनिज कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कलेक्टर संजय कुमार जैन के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खनिज विभाग ने बड़ी कार्यवाही की है। विभाग की टीम ने हनुमना क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे दो वाहनों को जप्त किया है, जिससे खनिज माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार खनिज विभाग की टीम द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में हनुमना क्षेत्र में जांच के दौरान एक ट्रेलर एवं एक डंपर में अवैध रूप से गिट्टी का परिवहन किया जा रहा था। मौके पर वाहन चालकों से वैध दस्तावेज, रॉयल्टी पर्ची व टीपी मांगे गए, जो प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इस पर नियमानुसार दोनों वाहनों को जप्त करने की कार्यवाही की गई।
जप्त किए गए वाहनों को पुलिस थाना हनुमना के अभिरक्षा में सुरक्षित खड़ा कराया गया है। विभाग द्वारा संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश अवैध खनिज परिवहन नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
कलेक्टर संजय कुमार जैन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए। ऐसे मामलों में निरंतर निगरानी रखते हुए संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। विभाग की इस कार्यवाही से अवैध खनन करने वालों में दहशत का माहौल है।

