FIFA World Cup 2026: 20 साल बाद फ्रांस Vs स्पेन, एम्बाप्पे और यमाल की बड़ी टक्कर
FIFA World Cup 2026 के पहले सेमीफाइनल में फ्रांस और स्पेन आमने-सामने होंगे। 20 साल बाद वर्ल्ड कप में दोनों टीमों की टक्कर होगी, जहां एम्बाप्पे और लैमिन यमाल पर सबकी नजरें रहेंगी।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 अब अपने आखिरी और सबसे रोमांचक दौर में पहुंच गया है। टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में फ्रांस और स्पेन की टीमें आमने-सामने होंगी। यह हाई-वोल्टेज मुकाबला अमेरिका के टेक्सास स्थित डलास स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समय के अनुसार मैच 15 जुलाई की रात 12:30 बजे शुरू होगा। इस मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली टीम सीधे वर्ल्ड कप फाइनल का टिकट हासिल करेगी।
फ्रांस और स्पेन के बीच यह मुकाबला इसलिए भी खास है, क्योंकि दोनों टीमें वर्ल्ड कप के मंच पर करीब 20 साल बाद एक-दूसरे का सामना करने जा रही हैं। इससे पहले 2006 वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ-16 में दोनों की भिड़ंत हुई थी। उस मुकाबले में फ्रांस ने स्पेन को 3-1 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था। अब दो दशक बाद स्पेन के पास उस हार का हिसाब बराबर करने का मौका होगा।
इस सेमीफाइनल में सबसे ज्यादा नजरें फ्रांस के स्टार किलियन एम्बाप्पे और स्पेन के युवा खिलाड़ी लैमिन यमाल पर रहेंगी। एम्बाप्पे अपनी तेज रफ्तार और गोल करने की क्षमता के लिए दुनिया भर में मशहूर हैं, जबकि यमाल कम उम्र में ही स्पेन के सबसे खतरनाक खिलाड़ियों में अपनी जगह बना चुके हैं। ऐसे में दोनों स्टार खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मैच के नतीजे पर बड़ा असर पड़ सकता है।
फ्रांस ने क्वार्टर फाइनल में मोरक्को को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई है। वहीं स्पेन ने बेल्जियम को 2-1 से मात देकर अंतिम चार में प्रवेश किया। दोनों टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है, इसलिए सेमीफाइनल में कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है।
हाल के बड़े मुकाबलों में स्पेन ने फ्रांस को मुश्किल में डाला है। यूरो 2024 के सेमीफाइनल में स्पेन ने फ्रांस को 2-1 से हराया था। इसके बाद 2025 में दोनों टीमों के बीच एक और रोमांचक मुकाबला देखने को मिला, जिसमें स्पेन ने 5-4 से जीत हासिल की। हालांकि वर्ल्ड कप का दबाव अलग होता है और फ्रांस के पास बड़े नॉकआउट मुकाबलों का काफी अनुभव है।
अब सवाल यही है कि क्या फ्रांस 2006 की कहानी दोहराकर स्पेन को एक बार फिर वर्ल्ड कप से बाहर करेगा, या यमाल की युवा स्पेनिश टीम पुराने हिसाब और हालिया जीत के सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए फाइनल में अपनी जगह बनाएगी। इसका फैसला डलास में होने वाले पहले सेमीफाइनल में होगा।
Anubhav Dubey 
