Lock Upp 2: श्रेया कालरा से बात करते हुए सुनीता आहूजा ने गोविंदा और अपने रिश्ते पर किया बड़ा खुलासा
Lock Upp 2 में श्रेया कालरा से बातचीत के दौरान सुनीता आहूजा ने गोविंदा के साथ अपने रिश्ते, अफेयर की खबरों और अलग-अलग घरों में रहने को लेकर खुलकर बात की।
मुंबई: Lock Upp 2 का नया एपिसोड काफी चर्चा में है। इस बार वजह बनीं गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा। शो में श्रेया कालरा से बात करते हुए सुनीता ने अपनी शादी और रिश्ते को लेकर खुलकर बात की। बातचीत के दौरान उन्होंने ऐसी बातें कहीं, जिनकी अब सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है.
श्रेया कालरा ने सबसे पहले सुनीता से पूछा कि गोविंदा के अफेयर की खबरें जब सामने आती थीं, तब उन्हें कैसा लगता था। इस पर सुनीता ने बिना घुमाए-फिराए जवाब दिया। उन्होंने कहा कि ये बातें नई नहीं हैं, काफी समय से सुनती आ रही हैं। उनका कहना था कि जब कोई बड़ा स्टार होता है, तो उसके बारे में ऐसी खबरें भी सामने आती रहती हैं।
सुनीता ने आगे कहा कि अब वह इन बातों को लेकर तनाव नहीं लेतीं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर इस उम्र में बैठकर यही सब सोचेंगी, तो बीमारी ही बढ़ेगी। इसलिए उन्होंने फैसला कर लिया है कि जो बीत गया, उसे वहीं छोड़ देना बेहतर है।
इसके बाद श्रेया ने पूछा, "क्या आपको बुरा नहीं लगता?" इस सवाल पर सुनीता ने कहा कि अब उनकी पूरी दुनिया उनके बच्चे हैं। वह अपने बच्चों के लिए जीती हैं और उन्हीं की खुशी उनके लिए सबसे ज्यादा मायने रखती है।
बातचीत के दौरान श्रेया ने एक और सवाल किया कि क्या उन्हें लगता है कि आज भी ऐसा हो सकता है। इस पर सुनीता ने कहा कि किसी इंसान को 24 घंटे रोककर नहीं रखा जा सकता। अगर कोई कुछ करना चाहता है, तो उसे रोकना आसान नहीं होता। इसलिए उन्होंने ऐसी बातों के बारे में सोचना ही छोड़ दिया है।
यही नहीं, सुनीता ने अपनी पर्सनल लाइफ का एक और राज भी खोला। उन्होंने बताया कि वह और गोविंदा अलग-अलग घरों में रहते हैं। इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि गोविंदा के घर पर लोगों का आना-जाना लगातार लगा रहता है, जबकि उन्हें शांति और अपनी प्राइवेसी पसंद है। इसलिए दोनों ने अपनी सहूलियत के हिसाब से अलग रहने का फैसला किया है। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि उनके रिश्ते में सब कुछ खत्म हो गया है।
सुनीता आहूजा के ये बयान सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कोई उनकी ईमानदारी की तारीफ कर रहा है, तो कोई उनके बयान पर अपनी राय दे रहा है। फिलहाल गोविंदा की तरफ से इस पूरे मामले पर कोई बयान सामने नहीं आया है।
Anubhav Dubey 
