केएल राहुल ने रचा इतिहास, धोनी की बराबरी और युवराज का 21 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
KL Rahul ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे में 129 रन की नाबाद पारी खेलकर एमएस धोनी के रिकॉर्ड की बराबरी की और युवराज सिंह का 21 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।
वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे में केएल राहुल ने शानदार शतक जड़कर टीम इंडिया को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. नंबर-5 पर बल्लेबाजी करने उतरे राहुल ने नाबाद 129 रन की पारी खेली. उनकी इस पारी के दम पर भारत ने 50 ओवर में 7 विकेट पर 351 रन बनाए. राहुल ने अपनी पारी में 87 गेंदों का सामना किया, जिसमें 10 चौके और 6 छक्के शामिल रहे.
राहुल की इस शानदार पारी के दौरान कई बड़े रिकॉर्ड बने. उन्होंने एक ओर जहां एमएस धोनी के रिकॉर्ड की बराबरी की, वहीं दूसरी ओर युवराज सिंह का 21 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया.
नंबर-5 पर चौथी सेंचुरी, धोनी की बराबरी
केएल राहुल ने वनडे में नंबर-5 पर बल्लेबाजी करते हुए अपना चौथा शतक पूरा किया. इसके साथ ही उन्होंने एमएस धोनी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. धोनी ने भारत के लिए नंबर-5 पर बल्लेबाजी करते हुए 95 मैचों में 4 शतक लगाए थे। वहीं राहुल ने महज 39 मैचों में नंबर-5 पर बल्लेबाजी करते हुए 4 शतक जड़ दिए हैं.
भारत की ओर से नंबर-5 पर सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड हालांकि अभी युवराज सिंह के नाम है. युवराज ने इस नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 7 शतक लगाए हैं.
राहुल ने तोड़ा युवराज का 21 साल पुराना रिकॉर्ड
केएल राहुल ने अपनी 129 रनों की पारी के दौरान युवराज सिंह का एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. वनडे में भारत की ओर से नंबर-5 पर सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड इससे पहले युवराज सिंह के नाम था.
युवराज ने साल 2005 में कोलंबो में 110 रन की पारी खेली थी. अब करीब 21 साल बाद केएल राहुल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 129 रन की नाबाद पारी खेलकर इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया. अब भारत की ओर से वनडे में नंबर-5 पर सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने का रिकॉर्ड केएल राहुल के नाम हो गया है.
आखिरी ओवर्स में राहुल ने बदला मैच का रुख
राहुल की पारी की खास बात उनकी शानदार फिनिशिंग रही. उन्होंने 41 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन इसके बाद उन्होंने रनों की रफ्तार और तेज कर दी. अगली 46 गेंदों में राहुल ने 79 रन ठोक दिए.
उन्होंने ऋतुराज गायकवाड़ के साथ 19 रन, नमन धीर के साथ 65 रन, नीतीश कुमार रेड्डी के साथ 25 रन और अंशुल कंबोज के साथ 40 रन की साझेदारी की. इसके बाद गुरनूर बरार के साथ सिर्फ 26 गेंदों में 61 रन जोड़कर भारत के स्कोर को 350 के पार पहुंचाया.
गुरनूर ने इस साझेदारी में सिर्फ 6 रन बनाए, जबकि राहुल ने आखिरी ओवर्स में चौकों-छक्कों की बरसात कर दी. भारत ने अंतिम 10 ओवरों में 105 रन जोड़े.
राहुल की 129 रन की नाबाद पारी न सिर्फ भारत के लिए बेहद अहम रही, बल्कि इसने वनडे क्रिकेट में उनके नाम कई बड़े रिकॉर्ड भी दर्ज करा दिए.

