हाईजैकिंग की आशंका वाली प्लेन की सऊदी में लैंडिंग : पायलटों में हुई थी हाथापाई तो भेजा हाइजैक का अलर्ट!
Hijack Plane : दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की कमर्शियल फ्लाइट के इमरजेंसी सिग्नल ने हड़कंप मचा दिया। अब विमान ने सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की जानकारी सामने आ रही है।
Hijack Plane Land Saudi Arabia : इंटरनेशनल डेस्क। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक कमर्शियल फ्लाइट के इमरजेंसी सिग्नल ने हड़कंप मचा दिया। विमान ने सऊदी अरब के ऊपर से गुजरते हुए अचानक अपना रास्ता बदला और इमरजेंसी सिग्नल भेजा। इसके बाद विमान के हाईजैक होने या किसी तरह के गैरकानूनी हस्तक्षेप की आशंका पैदा हो गई। हालांकि बाद में विमान ने सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कर ली।
इजराइली सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि विमान में हाइजैक जैसी कोई स्थिति नहीं थी। CNN के मुताबिक, विमान में दोनों पायलटों के बीच हिंसक घटना हुई थी। इसी वजह से फ्लाइट को सऊदी अरब की तरफ मोड़ना पड़ा।
फ्लाइट ट्रैकिंग पर दिखा खास कोड
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक विमान ने सबसे पहले 7700 स्क्वॉक कोड भेजा था। यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामान्य इमरजेंसी का संकेत होता है। इसके कुछ ही देर बाद विमान की तरफ से 7500 कोड भेजा गया। 7500 कोड का मतलब हाईजैकिंग या किसी तरह का गैरकानूनी हस्तक्षेप होता है। इसके बाद विमान के सऊदी अरब की तरफ मुड़ने की जानकारी सामने आई।
ताबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग
दुबई से तेल अवीव जा रही इस फ्लाइट ने कुछ ही देर बाद सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर लैंडिंग कर ली। इससे पहले फ्लाइट ट्रैकिंग साइट्स पर विमान ताबुक एयरपोर्ट के पास दिखाई दे रहा था। लैंडिंग के बाद विमान फ्लाइट ट्रैकिंग साइट्स पर नजर नहीं आया। विमान में करीब 180 यात्री सवार होने की जानकारी है। सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
पायलटों के बीच विवाद की आशंका
रिपोर्ट्स के मुताबिक इजरायली सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि विमान से इमरजेंसी और गैरकानूनी हस्तक्षेप वाला सिग्नल भेजे जाने की वजह कथित तौर पर फ्लाइट में मौजूद पायलटों के बीच हुआ विवाद हो सकता है। हालांकि इस बारे में अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। विमान के ताबुक में उतरने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर ज्यादा साफ हो सकेगी।
इजरायली फाइटर जेट्स हुए एक्टिव
घटना के बाद इजरायली एयरफोर्स के फाइटर जेट्स को विमान की तरफ रवाना किए जाने की जानकारी सामने आई। सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक इजरायली फाइटर जेट्स को विमान की निगरानी के लिए भेजा गया था।
इजराइली PM -रक्षा मंत्री की इमरजेंसी बातचीत
विमान से मिले अलर्ट के बाद इजराइल में सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। हिब्रू मीडिया के मुताबिक, प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री ने भी मामले को लेकर इमरजेंसी बातचीत की। इस दौरान विमान की स्थिति और उसमें सवार यात्रियों को लेकर जानकारी जुटाई गई। इजराइली एयरफोर्स के फाइटर जेट भी विमान की तरफ भेजे गए थे।
पायलटों के बीच किस बात पर बहस हुई?
पायलटों के बीच किस बात को लेकर बहस हुई थी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। यह भी साफ नहीं है कि 7500 कोड किस वजह से भेजा गया था। फिलहाल इस मामले की जांच की जा रही है। विमान के सऊदी अरब में उतरने के बाद अधिकारियों को घटना की पूरी जानकारी जुटाने का मौका मिला है।

