राजा रघुवंशी के दोस्त अर्पित चौहान ने की आत्महत्या : साले के घर में लगाई फांसी, राजा का ट्रांसपोर्ट का काम संभाल रहा था अर्पित

Arpit Chauhan Suicide : राजा के भाई विपिन ने कहा- अर्पित को छोटे भाई की तरह मानते थे। अर्पित ने अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र स्थित अपने साले के घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

राजा रघुवंशी के दोस्त अर्पित चौहान ने की आत्महत्या : साले के घर में लगाई फांसी, राजा का ट्रांसपोर्ट का काम संभाल रहा था अर्पित

Arpit Chauhan Suicide :  मध्य प्रदेश। इंदौर के चर्चित ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के बाद अब उनके 8 से 10 साल पुराने दोस्त अर्पित चौहान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। अर्पित ने अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र स्थित अपने साले के घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अर्पित मूल रूप से एरोड्रम थाना क्षेत्र के अरिहंत नगर का रहने वाला था और राजा की मौत के बाद उसके हिस्से का ट्रांसपोर्ट कारोबार संभाल रहा था। राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने इस घटना की गहराई से जांच की मांग की है।

अर्पित ने संभाला पूरा काम 

दरअसल, राजा रघुवंशी की हत्या के बाद उनके ट्रांसपोर्ट कारोबार की जिम्मेदारी उनके दोस्त अर्पित चौहान संभाल रहा था। विपिन रघुवंशी के मुताबिक, राजा, अर्पित और विपिन का साला तीनों मिलकर ट्रांसपोर्ट का काम देखते थे।

राजा की मौत के बाद अर्पित ने उनके हिस्से का पूरा काम संभाल लिया था। विपिन ने बताया कि अर्पित और राजा की करीब 8 से 10 साल पुरानी दोस्ती थी। राजा की मौत के बाद अर्पित ने उनके परिवार को भी संभाला और परिवार के सदस्य की तरह साथ खड़ा रहा।

विपिन ने कहा कि वह अर्पित को अपने छोटे भाई की तरह मानते थे। विपिन के मुताबिक, जब राजा के बड़े भाई सचिन रघुवंशी के घर बेटे का जन्म हुआ, तो परिवार ने इसे राजा का पुनर्जन्म मानते हुए खुशी मनाई थी। उस दौरान अर्पित भी बेहद खुश था और उसने परिवार के साथ जश्न मनाया था। विपिन ने यह भी बताया कि राजा की शादी की शॉपिंग के दौरान अर्पित उसके साथ ही रहता था। 

राजा ने शादी के कार्यक्रमों के लिए जो कपड़े पसंद किए थे, उनसे मिलते-जुलते कपड़े अर्पित ने भी अपनी शादी के कार्यक्रमों के लिए खरीदे थे। अब अर्पित की मौत के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। विपिन रघुवंशी ने कहा कि अर्पित ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी गहराई से जांच होना जरूरी है। पुलिस अब पूरे मामले की परिस्थितियों और अर्पित की मौत के कारणों की जांच कर रही है।