अब इंदौर के महू में दूषित पानी का कहर: 19 बच्चे समेत 25 लोग बीमार

इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित जल कांड के बाद अब महू में भी दूषित पानी पीने से 19 बच्चे समेत करीब 25 लोग बीमार हो गए हैं।

अब इंदौर के महू में दूषित पानी का कहर: 19 बच्चे समेत 25 लोग बीमार

इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित जल कांड के बाद अब महू में भी दूषित पानी पीने से 19 बच्चे समेत करीब 25 लोग बीमार हो गए हैं। पट्टी बाजार और चन्दर मार्ग क्षेत्र में दूषित पानी पीने से लोग पीलिया, टाइफाइड समेत अन्य बीमारियों की चपेट में आए हैं। कई बच्चों को अस्पताल भर्ती कराया गया है। लोगों ने बताया कि नर्मदा जल की पाइप लाइन से गंदा, बदबूदार और मटमैला पानी आ रहा है। विधायक उषा ठाकुर ने भी संक्रमित इलाकों का दौरा किया। दूषित पेयजल से बीमार करीब 9 लोगों का अस्पताल में इलाज हैं। जबकि अन्य लोग अपने घरों पर ही उपचार ले रहे हैं।

सूचना के बाद कलेक्टर शिवम वर्मा भी देर रात महू पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से और प्रभावित क्षेत्र के रहवासियों से चर्चा की। घटना की जानकारी मिलने के बाद आज सुबह से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. माधव हसानी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग का अमला मौके पर मौजूद है। उन्होंने बताया कि इंदौर मेडिकल कॉलेज की टीम और इंदौर के अन्य विशेषज्ञ डॉक्टरो का अमला भी मौके पर भेजा जा रहा है।

क्षेत्रीय विधायक उषा ठाकुर ने भी अस्पताल पहुंचकर पीड़ितों से मुलाकात की। कलेक्टर वर्मा ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि सभी मरीजों का समुचित एवं प्रभावी उपचार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने महू कैंट बोर्ड को पानी की गुणवत्ता जांचने एवं क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर वर्मा ने कहा कि अस्पताल में मरीजों का उपचार लगातार जारी है और शासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने बताया कि सुबह से क्षेत्र में सर्वे शुरू किया जाएगा, जिसमें जिन लोगों में किसी भी प्रकार के लक्षण पाए जाएंगे, उन्हें समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि गंभीर मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया जाएगा।फिलहाल किसी भी मरीज की स्थिति गंभीर नहीं है और भर्ती मरीजों में से कुछ को आज डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।